बांदा: लू से बचने के लिए युवक ने बाइक को बना दिया ग्रीन रूम, इंटरनेट पर वायरल हुआ VIDEO

बांदा में 48 डिग्री गर्मी से बचने के लिए युवक ने बाइक पर बांस और हरी पत्तियों से देसी AC बना डाला। वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो गया, लोग उसे ‘बुंदेलखंड का इंजीनियर’ बता रहे हैं।

4पीएम न्यूज नेटवर्क: उत्तर प्रदेश के बांदा में इन दिनों गर्मी अपने चरम पर है। सूरज की तपिश ऐसी है कि दोपहर में सड़क पर निकलना किसी सजा से कम नहीं लग रहा। तापमान 48 डिग्री के पार पहुंच चुका है और लू के थपेड़े लोगों को बेहाल कर रहे हैं। लेकिन इसी झुलसा देने वाली गर्मी के बीच बांदा के एक युवक ने ऐसा देसी जुगाड़ निकाला कि उसका वीडियो अब सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है। जिस किसी ने भी यह वीडियो देखा, वह युवक की तारीफ किए बिना नहीं रह सका। लोगों ने उसे “बुंदेलखंड का इंजीनियर” तक कहना शुरू कर दिया है।

बाइक को बना दिया चलता-फिरता ग्रीन रूम

भीषण गर्मी से बचने के लिए युवक ने अपनी साधारण बाइक को ही एक तरह का “ग्रीन शेड वाहन” बना डाला। उसने बाइक के ऊपर बांस का ढांचा तैयार किया और उस पर हरी टहनियां, पत्तियां और पौधे बांध दिए, ताकि धूप सीधे शरीर पर न पड़े। वीडियो में साफ दिखाई देता है कि युवक तेज धूप में बाइक चला रहा है और उसके ऊपर हरे पत्तों से बनी छत चलती हुई नजर आ रही है। गर्म हवाओं से बचने के लिए उसने चेहरे पर गमछा भी कसकर बांध रखा है। स्थानीय लोगों के मुताबिक, इस जुगाड़ की वजह से युवक को धूप और लू से काफी राहत मिल रही है।

सोशल मीडिया पर लोगों ने दिए मजेदार रिएक्शन

वीडियो वायरल होने के बाद सोशल मीडिया पर मजेदार कमेंट्स की बाढ़ आ गई। एक यूजर ने लिखा, “बुंदेलखंड का टैलेंट पूरी दुनिया से अलग है।” वहीं दूसरे यूजर ने मजाकिया अंदाज में कहा, “पेट्रोल वाली बाइक पर नेचुरल AC फिट कर दिया गया है।” एक अन्य यूजर ने लिखा, “गर्मी इंसान से क्या-क्या नहीं करवा देती, आदमी वैज्ञानिक बन गया।”

बुंदेलखंड में भीषण गर्मी से बेहाल लोग

स्थानीय लोगों का कहना है कि बांदा समेत पूरे बुंदेलखंड क्षेत्र में हालात बेहद कठिन हो चुके हैं। दोपहर के समय सड़कें लगभग सुनसान नजर आती हैं। मजदूरी करने वाले और रोज कमाकर खाने वाले लोग मजबूरी में ऐसे देसी उपाय तलाश रहे हैं ताकि काम भी चलता रहे और गर्मी से कुछ राहत भी मिल सके।

मौसम विभाग ने जारी किया रेड अलर्ट

मौसम विभाग ने आने वाले दिनों में तापमान और बढ़ने की आशंका जताई है। प्रशासन की ओर से रेड अलर्ट जारी करते हुए लोगों से अपील की गई है कि दोपहर 12 बजे से शाम 4 बजे तक बेहद जरूरी होने पर ही घर से बाहर निकलें। विशेषज्ञों का कहना है कि लगातार बढ़ती गर्मी और हीटवेव का असर सबसे ज्यादा मजदूर वर्ग और खुले में काम करने वाले लोगों पर पड़ रहा है। ऐसे में लोग अपनी सुरक्षा के लिए नए-नए देसी उपाय अपना रहे हैं। रिपोर्ट के अनुसार, वायरल वीडियो अब पूरे क्षेत्र में चर्चा का विषय बना हुआ है और लोग इसे बुंदेलखंडी जुगाड़ का सबसे अनोखा उदाहरण बता रहे हैं।

रिपोर्ट -इक़बाल खान 

यह भी पढ़ें: बांदा में दिल दहला देने वाली वारदात, 2 साल के बच्चे को मौत के मुंह से खींच लाई पुलिस

Related Articles

Back to top button