कानपुर में गर्मी ने तोड़ा रिकॉर्ड, 44.3 डिग्री तापमान से लोग बेहाल, अब बारिश की उम्मीद

कानपुर में भीषण गर्मी ने रिकॉर्ड तोड़ दिया है। बुधवार को तापमान 44.3 डिग्री सेल्सियस पहुंच गया। तेज लू और झुलसा देने वाली धूप से लोग बेहाल रहे। मौसम विभाग ने 29 से 31 मई के बीच आंधी और बारिश की संभावना जताई है।

4पीएम न्यूज नेटवर्क:  कानपुर इन दिनों भीषण गर्मी की गिरफ्त में है। सूरज की तपिश ऐसी है कि सुबह से ही सड़कों पर निकलना मुश्किल हो रहा है। बुधवार को शहर का अधिकतम तापमान 44.3 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जो इस सीजन का अब तक का सबसे अधिक तापमान माना जा रहा है। यह सामान्य तापमान से करीब 3.9 डिग्री अधिक रिकॉर्ड किया गया।

सुबह से चल रही तेज गर्म हवाओं और झुलसा देने वाली धूप ने लोगों की दिनचर्या पर सीधा असर डाला। दोपहर होते-होते शहर की सड़कें तवे की तरह तपने लगीं। हालात ऐसे रहे कि आम दिनों में व्यस्त रहने वाले बाजार और सड़कें भी काफी हद तक सूनी नजर आईं।

लू के थपेड़ों ने घरों में कैद किए लोग

भीषण गर्मी और लू के कारण लोग जरूरी काम होने पर ही घरों से बाहर निकले। जो लोग बाहर दिखाई दिए, वे मुंह और सिर को कपड़ों से ढंककर चलते नजर आए। गर्म हवाओं का असर देर शाम तक बना रहा और रात में भी लोगों को राहत नहीं मिली। मौसम विभाग के अनुसार बुधवार रात न्यूनतम तापमान 25.8 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जिससे रात में भी गर्मी और बेचैनी बनी रही। शहर के कई इलाकों में लोग देर रात तक कूलर और एसी का सहारा लेते दिखाई दिए।

बाजारों में घटी भीड़, ठंडी जगहों की तलाश में लोग

गर्मी का असर कारोबार और बाजारों पर भी साफ दिखाई दिया। दोपहर के समय सामान्य दिनों की तुलना में बाजारों में भीड़ काफी कम रही। लोग छांव, ठंडी जगहों और पेय पदार्थों की दुकानों की ओर ज्यादा आकर्षित दिखाई दिए।

विशेषज्ञों का मानना है कि लगातार बढ़ते तापमान का असर बुजुर्गों, बच्चों और बाहर काम करने वाले लोगों पर सबसे अधिक पड़ रहा है। स्वास्थ्य विभाग भी लोगों को दोपहर में अनावश्यक रूप से बाहर न निकलने और पर्याप्त पानी पीने की सलाह दे रहा है।

गुरुवार शाम से बदल सकता है मौसम

हालांकि भीषण गर्मी के बीच मौसम विभाग ने राहत की उम्मीद भी जताई है। मौसम विशेषज्ञ डॉ. एस.एन. सुनील पांडेय के मुताबिक पश्चिमी विक्षोभ, ट्रफ लाइन और साइक्लोनिक सर्कुलेशन के प्रभाव से गुरुवार शाम से मौसम में बदलाव देखने को मिल सकता है। उन्होंने बताया कि 29 से 31 मई के बीच आंधी और हल्की बारिश की संभावना है, जिससे तापमान में 2 से 3 डिग्री सेल्सियस तक गिरावट आ सकती है। हालांकि बारिश के बाद उमस बढ़ने की आशंका भी बनी हुई है।

अगले कुछ दिन अहम

मौसम विभाग का अनुमान है कि गुरुवार दोपहर तक लू का असर जारी रह सकता है, लेकिन शाम के बाद बादल छाने और हवाओं के रुख में बदलाव से लोगों को कुछ राहत मिल सकती है। फिलहाल कानपुर में गर्मी ने लोगों की परीक्षा लेना शुरू कर दिया है और हर किसी की नजर अब आसमान पर टिकी है कि कब बादल आएं और तपती धरती को राहत मिले।

रिपोर्ट – प्रांजुल मिश्रा

यह भी पढ़ें: उन्नाव में भट्टे की आड़ में बड़ा खेल? किसानों ने खोली कथित अवैध खनन की पोल

Related Articles

Back to top button