भारत का अफगानिस्तान से एक मात्र टेस्ट कल से

- भारतीय खिलाड़िओं ने नेट पर जमकर बहाया पसीना
4पीएम न्यूज़ नेटवर्क
मुल्लांपुर। आईपीएल 2026 के बाद अब भारतीय खिलाड़ी राष्ट्रीय टीम की प्रतिबद्धता को पूरा करने में लगे हैं। भारत और अफगानिस्तान के बीच छह जून से मुल्लांपुर में टेस्ट मैच होना है। भारत ने इसकी तैयारी शुरू कर दी है। सुदर्शन और पडिक्कल दोनों ने नेट पर जमकर अभ्यास किया है लेकिन डस्काटे ने यह खुलासा नहीं किया कि इनमें से किस को मौका मिलेगा। डस्काटे ने गुरुवार को कहा, तीसरे नंबर पर कई बल्लेबाजों को आजमाया गया है जो आदर्श स्थिति नहीं है। हमें उस नंबर के दावेदारों पर विचार करना चाहिए और किसी एक को लंबे समय तक उस पर बनाए रखना चाहिए।
स्लिप में फील्डिंग पर गौर करने पर भी यह स्पष्ट नहीं हो पाया कि इनमें से किस खिलाड़ी को चुना जाएगा। पडिक्कल पहले केएल राहुल और कप्तान शुभमन गिल के साथ स्लिप में खड़े नजऱ आए। राहुल के नेट पर जाने के बाद उनकी जगह सुदर्शन ने स्लिप में कैच का अभ्यास किया। नेट पर अभ्यास के दौरान सुदर्शन का फिर से अपने बल्ले पर नियंत्रण नहीं रहा और वह उनके हाथ से छूटकर पीछे चला गया। आईपीएल में दो बार वह इस तरह से हिटविकेट हो गए थे। बता दें भारत के लिए एक बार फिर तीसरे स्थान पर किसे भेजना है, ये एक चुनौती है और टीम के सहायक कोच रेयान टेन डस्काटे ने भी स्वीकार किया है कि चेतेश्वर पुजारा के संन्यास लेने के बाद टीम ने तीसरे नंबर पर बल्लेबाजी करने के लिए कई खिलाडिय़ों को आजमाया है और अब समय आ गया है जबकि साई सुदर्शन या देवदत्त पडिक्कल को बल्लेबाजी के इस महत्वपूर्ण स्थान पर लंबी अवधि तक मौका दिया जाए।
भारत को बड़ा झटका वनडे सीरीज से विराट कोहली बाहर
मुंबई। भारतीय क्रिकेट टीम को अफगानिस्तान के खिलाफ आगामी वनडे सीरीज से पहले बड़ा झटका लगा है। टीम के सबसे अनुभवी बल्लेबाजों में से एक विराट कोहली हैमस्ट्रिंग चोट के कारण पूरी सीरीज से बाहर हो गए हैं। भारत और अफगानिस्तान के बीच तीन मैचों की वनडे सीरीज 13 जून से धर्मशाला में शुरू होगी। बीसीसीआई के एक सूत्र ने जानकारी देते हुए कहा, वह हैमस्ट्रिंग चोट के कारण वनडे सीरीज से बाहर हो गए हैं। विराट कोहली के अलावा पूर्व कप्तान रोहित शर्मा की फिटनेस को लेकर भी स्थिति पूरी तरह स्पष्ट नहीं है। रोहित को आईपीएल के दौरान हैमस्ट्रिंग से जुड़ी समस्या का सामना करना पड़ा था और इसी वजह से उनकी उपलब्धता पर सवाल बने हुए हैं। उन्हें अफगानिस्तान सीरीज के लिए टीम में शामिल तो किया गया है, लेकिन उनकी भागीदारी फिटनेस पर निर्भर करेगी। टीम प्रबंधन उनकी स्थिति पर लगातार नजर बनाए हुए है। यही हालत हार्दिक पांड्या के साथ भी है।



