घर पर ऐसे बनाएं शुद्व गरम और सब्जी मसाला

4पीएम न्यूज़ नेटवर्क
भारतीय किचन में मसालों का खास महत्व होता है। हल्दी, धनिया, जीरा और गरम मसाला जैसे मसाले ही खाने को स्वाद और खुशबू देते हैं। लेकिन हाल के समय में कई ब्रांड्स के मसाले क्वालिटी टेस्ट में फेल होने की खबरों ने लोगों को चिंता में डाल दिया है। ऐसे में कई लोग सोच रहे हैं कि आखिर शुद्ध मसाले कहां से खरीदें। इसका सबसे अच्छा और सुरक्षित तरीका है घर पर ही मसाला तैयार करना। घर में बना मसाला न सिर्फ ताजा होता है बल्कि इसमें मिलावट की चिंता भी नहीं रहती। मिलावटी मसालों की खबरों के बीच घर पर मसाला बनाना एक सुरक्षित और अच्छा विकल्प हो सकता है। अगर आप थोड़ी मेहनत करके गरम मसाला और सब्जी मसाला घर पर तैयार करते हैं, तो आपको शुद्ध, ताजा और स्वादिष्ट मसाला मिल सकता है जो आपके खाने को और भी खास बना देगा। घर में तैयार मसाले के कई फायदे होते हैं। मिलावट का खतरा नहीं होता है। मसाले ताजे और खुशबूदार होते हैं, स्वाद ज्यादा बेहतर होता है, जरूरत के हिसाब से मसाला तैयार किया जा सकता है।

गरम मसाला सामग्री

गरम मसाला बनाने के लिए 2 चम्मच जीरा, 2 चम्मच धनिया, 1 चम्मच काली मिर्च, 4-5 लौंग, 2 दालचीनी के टुकड़े, 3-4 हरी इलायची, 1 तेज पत्ता।

विधि

सबसे पहले सभी साबुत मसालों को धीमी आंच पर हल्का भून लें। जब इनसे खुशबू आने लगे तो गैस बंद कर दें। मसालों को ठंडा होने दें। अब इन्हें मिक्सर में डालकर बारीक पाउडर बना लें। तैयार गरम मसाला को एयरटाइट कंटेनर में रखें।

सब्जी मसाला सामग्री

3 चम्मच धनिया, 1 चम्मच जीरा, 1 चम्मच सौंफ, 1 चम्मच काली मिर्च, 1 चम्मच हल्दी पाउडर,1 चम्मच लाल मिर्च पाउडर, सब्जी मसाला बनाने की।

विधि

धनिया, जीरा और सौंफ को हल्का भून लें। इन्हें ठंडा होने दें और मिक्सर में पीस लें। अब इसमें हल्दी और लाल मिर्च पाउडर मिलाएं। सभी मसालों को अच्छी तरह मिलाकर एयरटाइट डिब्बे में रखें।

स्टोर करने का तरीका

अगर आप चाहते हैं कि मसाले लंबे समय तक ताजे रहें, तो इन बातों का ध्यान रखें। मसालों को हमेशा एयरटाइट कंटेनर में रखें, धूप और नमी से दूर रखें, कम मात्रा में बनाकर इस्तेमाल करें।

ऐसे बनाएं मुलायम और स्पंजी दही बड़ा

दही बड़ा एक ऐसी डिश है जो त्योहारों, पार्टियों और खास मौकों पर जरूर बनाई जाती है। लेकिन कई बार सारी मेहनत के बाद भी बड़े दही में भिगोने के बाद सख्त रह जाते हैं। ऐसे में स्वाद भी खराब हो जाता है और मन भी। अगर आपके दही बड़े भी कड़े रह गए हैं, तो घबराइए नहीं। कुछ आसान किचन टिप्स से आप बने हुए दही बड़ों को भी सॉफ्ट बना सकते हैं और अगली बार परफेक्ट स्पंजी दही बड़े तैयार कर सकते हैं।

विधि

उड़द दाल पीसने के बाद कम से कम 8-10 मिनट तक फेंटें। जब बैटर हल्का और फूला हुआ लगे, तभी तलें। थोड़ा बैटर पानी में डालें। अगर ऊपर तैरता है, तो समझिए हवा भर चुकी है। तेल मध्यम गरम होना चाहिए। बहुत गरम तेल बड़े को बाहर से सख्त और अंदर से कच्चा बना सकता है। गरम-गरम बड़े तुरंत गुनगुने पानी में 15 मिनट के लिए डालें। दही बड़े पर भुना जीरा पाउडर, लाल मिर्च, इमली की चटनी और हरी चटनी डालें। इससे स्वाद और भी बढ़ जाएगा।

सख्त क्यों हो जाते हैं?

उड़द दाल ठीक से फेंटी न गई हो, बैटर में हवा न भरी गई हो, तेल बहुत ठंडा या बहुत गरम हो, बड़े तलने के बाद सही तरीके से पानी में न भिगोए गए हों, दही बहुत गाढ़ा हो।

अगर दही बड़े सख्त रह जाएं तो करें ये काम

गुनगुने पानी में दोबारा भिगोएं, अगर बड़े पहले से दही में डाल दिए हैं और सख्त लग रहे हैं, तो उन्हें दही से निकाल लें। हल्के गुनगुने नमकीन पानी में 10-15 मिनट भिगो दें। हल्के हाथ से दबाकर अतिरिक्त पानी निकालें। फिर फेंटे हुए दही में डालें। इससे बड़े अंदर तक नरम हो जाएंगे। दही को अच्छी तरह फेंटें, गाढ़ा दही बड़े को सॉफ्ट नहीं होने देता। दही में थोड़ा दूध या पानी मिलाकर अच्छी तरह फेंट लें, थोड़ा चीनी और नमक डालकर बैलेंस स्वाद बनाएं, फिर बड़े डालें, स्मूद दही बड़े को जल्दी नरम करता है। हल्की भाप दें, अगर बड़े बहुत ज्यादा सख्त हैं, उन्हें 2-3 मिनट स्टीमर में हल्की भाप दें। फिर गुनगुने पानी में डालें। बाद में दही में मिलाएं। यह तरीका पुराने या फ्रिज में रखे बड़ों को भी मुलायम बना देता है।

Related Articles

Back to top button