मानव सुथार का डेब्यू मैच में ही रिकॉर्डतोड़ प्रदर्शन

  • अफगान के खिलाफएक मात्र टेस्ट मैच में लिए सात विकेट और बनाए 28 रन

4पीएम न्यूज़ नेटवर्क
मुल्लांपुर। भारत और अफगानिस्तान के बीच खेले गए एकमात्र टेस्ट मैच में युवा स्पिन ऑलराउंडर मानव सुथार ने अपने डेब्यू मुकाबले को यादगार बना दिया। भारत ने अफगानिस्तान को पारी और 300 रन से हराकर टेस्ट क्रिकेट इतिहास की अपनी सबसे बड़ी जीत दर्ज की, लेकिन इस ऐतिहासिक जीत के केंद्र में रहे 22 वर्षीय मानव सुथार, जिन्होंने गेंद और बल्ले दोनों से शानदार योगदान देकर सभी का ध्यान अपनी ओर खींच लिया। मानव सुथार ने अपने पहले ही टेस्ट मैच में बेहतरीन गेंदबाजी करते हुए कुल सात विकेट झटके। पहली पारी में उन्होंने अफगानिस्तान के बल्लेबाजी क्रम को तहस-नहस करते हुए छह विकेट अपने नाम किए, जबकि दूसरी पारी में भी एक सफलता हासिल की।
सिर्फ गेंदबाजी ही नहीं, उन्होंने बल्ले से भी अहम योगदान दिया। भारतीय टीम की पहली पारी में निचले क्रम पर बल्लेबाजी करते हुए मानव ने 41 गेंदों में 28 रन बनाए और टीम के स्कोर को मजबूत करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई। उनके इस हरफनमौला प्रदर्शन के लिए उन्हें प्लेयर ऑफ द मैच चुना गया। मानव सुथार ने अपने शानदार प्रदर्शन के साथ एक बड़ा रिकॉर्ड भी अपने नाम कर लिया। वह टेस्ट डेब्यू की पहली पारी में छह विकेट लेने वाले भारत के तीसरे सबसे सफल गेंदबाज बन गए हैं। भारत के लिए टेस्ट पदार्पण की पहली पारी में सर्वश्रेष्ठ गेंदबाजी प्रदर्शन की सूची में शीर्ष पर नरेंद्र हिरवानी हैं, जिन्होंने 1988 में वेस्टइंडीज के खिलाफ आठ विकेट झटके थे। इस प्रदर्शन के साथ मानव ने भारत के कई पूर्व दिग्गज गेंदबाजों को पीछे छोड़ते हुए रिकॉर्ड बुक में अपनी जगह बना ली।

स्टोक्स से छीन सकती है इंग्लैंड की टेस्ट कप्तानी

लंदन। न्यूजीलैंड के खिलाफ लॉर्ड्स टेस्ट में शानदार जीत दर्ज करने के कुछ ही घंटों बाद इंग्लैंड क्रिकेट टीम एक नए विवाद में घिर गई है। टीम के कप्तान बेन स्टोक्स और तेज गेंदबाज गस एटकिंसन पर इंग्लैंड एवं वेल्स क्रिकेट बोर्ड ने जांच शुरू कर दी है। दोनों खिलाड़ी सोमवार तडक़े एक नाइटक्लब में मौजूद थे, जहां कथित तौर पर एक घटना हुई, जिसे ईसीबी ने टीम प्रोटोकॉल का उल्लंघन माना है। बोर्ड ने पुष्टि की कि बेन स्टोक्स और गस एटकिंसन उस समय नाइटक्लब में मौजूद थे जब यह घटना हुई। मामले की जानकारी क्रिकेट रेगुलेटर को भी दे दी गई है और आगे की जांच जारी है। यह घटना एक विवाद के बाद हुई जिसमें गस एटकिंसन और एक अकादमी खिलाड़ी के बीच कहासुनी हुई थी। हालांकि किसी खिलाड़ी के घायल होने की सूचना नहीं है। जांच पूरी होने तक दोनों खिलाडिय़ों के 17 जून से द ओवल में शुरू होने वाले दूसरे टेस्ट में नहीं खेलने की संभावना जताई जा रही है। मामला इतना गंभीर माना जा रहा है कि स्टोक्स अपनी कप्तानी को लेकर भी विचार कर रहे हैं। हालांकि ईसीबी की ओर से अभी तक इस संबंध में कोई आधिकारिक पुष्टि नहीं की गई है।

Related Articles

Back to top button