25 हजार का इनामी फरार कैदी एनकाउंटर में गिरफ्तार, पुलिस पर चला दी गोली
बरेली में केंद्रीय कारागार से फरार 25 हजार रुपये का इनामी कैदी पुलिस मुठभेड़ में गिरफ्तार। आरोपी ने पुलिस पर फायरिंग की, जवाबी कार्रवाई में घायल हुआ। तमंचा बरामद, नया मुकदमा दर्ज।

4पीएम न्यूज नेटवर्क: केंद्रीय कारागार से फरार 25 हजार रुपये का इनामी बंदी आखिरकार पुलिस के शिकंजे में आ गया। बरेली के थाना इज्जतनगर क्षेत्र में देर रात हुई पुलिस मुठभेड़ के दौरान आरोपी के पैर में गोली लगी, जिसके बाद उसे गिरफ्तार कर लिया गया। पुलिस ने उसके कब्जे से 315 बोर का अवैध तमंचा, एक खोखा और एक जिंदा कारतूस भी बरामद किया है। आरोपी कुछ दिन पहले ही केंद्रीय कारागार से फरार हुआ था और अब अमरोहा भागने की तैयारी में था।
केंद्रीय कारागार से फरार हुआ था आजीवन कारावास का दोषी
पुलिस के मुताबिक गिरफ्तार आरोपी की पहचान दिनेश पुत्र अरविंद, निवासी ग्राम नन्हेड़ा राजपूत, थाना डिडौली, जनपद अमरोहा के रूप में हुई है। दिनेश वर्ष 2020 में दर्ज एक गंभीर आपराधिक मामले में दोषी करार दिया गया था। उस पर भारतीय दंड संहिता की धारा 377, पॉक्सो एक्ट की धारा 5/6 तथा एससी/एसटी एक्ट की धारा 3(2)V के तहत मुकदमा दर्ज था। अमरोहा की एडीजे/पॉक्सो कोर्ट ने 9 जनवरी 2026 को उसे आजीवन कारावास की सजा सुनाई थी।
खेती के दौरान पानी पीने का बहाना बनाकर जेल से हुआ फरार
दिनेश को 19 अप्रैल 2026 को जिला कारागार बिजनौर से स्थानांतरित कर केंद्रीय कारागार बरेली भेजा गया था। 22 जून 2026 को दोपहर करीब 12:30 बजे वह कृषि कमान नंबर-01 में खेती का कार्य कर रहा था। इसी दौरान उसने पानी पीने का बहाना बनाया और ट्यूबवेल की आड़ लेकर जेल की दीवार फांदकर फरार हो गया। घटना के बाद थाना इज्जतनगर में बीएनएस की धारा 262 के तहत मुकदमा दर्ज किया गया था। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक बरेली ने आरोपी की गिरफ्तारी पर 25 हजार रुपये का इनाम घोषित किया था।
मुखबिर की सूचना पर नैनीताल हाईवे से हुई गिरफ्तारी
एसएसपी बरेली के अनुसार, 26 जून की रात थाना इज्जतनगर पुलिस नियमित गश्त पर थी। इसी दौरान मुखबिर से सूचना मिली कि रोड नंबर-08 के सामने नैनीताल हाईवे स्थित रेलवे के एक खंडहर मकान में एक हथियारबंद बदमाश छिपा हुआ है। सूचना मिलते ही पुलिस टीम ने मौके पर पहुंचकर घेराबंदी की। पुलिस को देखते ही आरोपी ने गिरफ्तारी से बचने के लिए फायरिंग कर दी। जवाबी कार्रवाई में पुलिस की गोली उसके पैर में लगी, जिसके बाद उसे मौके पर ही दबोच लिया गया।
पूछताछ में फरारी की पूरी कहानी आई सामने
गिरफ्तारी के बाद पूछताछ में दिनेश ने बताया कि जेल से भागने के बाद वह परतापुर निवासी नासिर कुरैशी के घर छिपा हुआ था। नासिर से उसकी पहचान जेल में काम करने के दौरान हुई थी। आरोपी ने पुलिस को बताया कि बुधवार रात वह नासिर से तमंचा लेकर अपने घर अमरोहा भागने की योजना बना रहा था। पुलिस को सामने देखकर उसे लगा कि अब गिरफ्तारी तय है, इसलिए उसने पुलिस टीम पर फायरिंग कर दी।
पुलिस ने दर्ज किया एक और मुकदमा
घायल आरोपी को उपचार के लिए जिला अस्पताल भेजा गया है। पुलिस पर जानलेवा हमला करने के मामले में थाना इज्जतनगर में बीएनएस की धारा 109(1) तथा आर्म्स एक्ट की धारा 3/25/27 के तहत एक नया मुकदमा दर्ज किया गया है। पुलिस आरोपी को इलाज के बाद न्यायालय में पेश करेगी।
पुलिस की सतर्कता से बड़ी घटना टली
पुलिस अधिकारियों का कहना है कि समय रहते कार्रवाई नहीं होती तो आरोपी हथियार के साथ फरार होने में सफल हो सकता था। फिलहाल मामले में आगे की कानूनी कार्रवाई जारी है और फरारी के दौरान उसकी मदद करने वाले अन्य लोगों की भूमिका की भी जांच की जा रही है।
रिपोर्ट – सुनील सक्सेना
यह भी पढ़ें: बांदा में किसानों का बड़ा विरोध, खेतों के बीच हाईटेंशन लाइन डालने पर मचा बवाल



