उन्नाव: 27 जून को दफनाया गया था शव, अब हाईकोर्ट के आदेश पर कब्र से निकाला गया

उन्नाव के हसनगंज में हाईकोर्ट के आदेश पर युवक आरिफ का शव कब्र से निकालकर दोबारा पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया। परिजनों ने सड़क हादसे की कहानी पर सवाल उठाते हुए हत्या की आशंका जताई है। अब पोस्टमार्टम रिपोर्ट से मौत की असली वजह सामने आएगी।

4पीएम न्यूज नेटवर्क: उन्नाव के हसनगंज कोतवाली क्षेत्र में 27 जून को हुई युवक आरिफ की मौत का मामला अब नए मोड़ पर पहुंच गया है। हाईकोर्ट के आदेश पर शुक्रवार को मजिस्ट्रेट की निगरानी में आरिफ का शव कब्र से बाहर निकाला गया। पूरी प्रक्रिया की वीडियोग्राफी कराई गई और करीब एक घंटे की कार्रवाई के बाद शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया।

परिजनों ने सड़क हादसे की थ्योरी पर उठाए सवाल

पुलिस का कहना है कि आरिफ की मौत सड़क दुर्घटना में हुई थी, लेकिन परिजनों ने इस दावे पर गंभीर सवाल उठाते हुए हत्या की आशंका जताई है। इसी को लेकर मामले की निष्पक्ष जांच की मांग की गई थी, जिसके बाद हाईकोर्ट के निर्देश पर शव को दोबारा पोस्टमार्टम के लिए निकाला गया।

वीडियोग्राफी के बीच पूरी हुई कार्रवाई

प्रशासन की मौजूदगी में कब्र से शव निकालने की पूरी प्रक्रिया को कैमरे में रिकॉर्ड किया गया। अधिकारियों ने तय प्रक्रिया के अनुसार कार्रवाई पूरी कर शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। मामले में पारदर्शिता बनाए रखने के लिए मजिस्ट्रेट की निगरानी में सभी औपचारिकताएं पूरी की गईं।

पोस्टमार्टम रिपोर्ट पर टिकी सभी की नजरें

अब इस मामले में सबसे अहम कड़ी पोस्टमार्टम रिपोर्ट होगी। रिपोर्ट से यह स्पष्ट होने की उम्मीद है कि आरिफ की मौत सड़क हादसे में हुई थी, हत्या का मामला है या फिर इसके पीछे कोई अन्य कारण था। फिलहाल पुलिस का कहना है कि रिपोर्ट के आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।

रिपोर्ट – रंजन बाजपाई

यह भी पढ़ें: बदायूं में बारिश के बीच दर्दनाक हादसा, मकान की छत गिरने से महिला की मौत

Related Articles

Back to top button