गोरखपुर में सड़क पर दबंगों का आतंक, कार रोककर युवक-युवती से मारपीट
रामगढ़ताल रिंग रोड पर गुरुवार देर रात बाइक सवार दबंग युवकों ने कार में सवार युवक और युवती के साथ न केवल मारपीट की, बल्कि उनका मोबाइल फोन लूट लिया.

4पीएम न्यूज नेटवर्क: उत्तर प्रदेश के गोरखपुर शहर में कानून-व्यवस्था पर सवाल खड़े करने वाली एक गंभीर घटना सामने आई है।
रामगढ़ताल रिंग रोड पर गुरुवार देर रात बाइक सवार दबंग युवकों ने कार में सवार युवक और युवती के साथ न केवल मारपीट की, बल्कि उनका मोबाइल फोन लूट लिया और कार में जमकर तोड़फोड़ भी की। घटना उस समय हुई जब दोनों खाना खाने के बाद नौका विहार और ताल रिंग रोड क्षेत्र में घूमने निकले थे।
सबसे हैरानी की बात यह रही कि घटना के बाद पीड़ितों को तत्काल न्याय मिलने के बजाय पुलिस चौकी और थाने के बीच क्षेत्राधिकार (जुरिस्डिक्शन) के विवाद में करीब ढाई घंटे तक भटकना पड़ा। मामला जब वरिष्ठ अधिकारियों तक पहुंचा, तब पुलिस हरकत में आई और जांच शुरू की। पुलिस ने सर्विलांस की मदद से एक आरोपी को हिरासत में लेने का दावा किया है, जबकि अन्य आरोपियों की तलाश जारी है।
होटल में साथ काम करते हैं युवक और युवती
जानकारी के अनुसार, पीड़ित युवक मूल रूप से नोएडा का रहने वाला है, जबकि युवती झारखंड की निवासी है। दोनों गोरखपुर शहर के एक प्रतिष्ठित होटल में कार्यरत हैं।
गुरुवार रात करीब 11:20 बजे दोनों होटल से खाना खाने के बाद अपनी कार से रामगढ़ताल स्थित नौका विहार और ताल रिंग रोड की ओर घूमने निकले थे। देर रात सड़क पर ट्रैफिक कम होने के कारण दोनों सामान्य रूप से यात्रा कर रहे थे।
बाइक की टक्कर बची, फिर शुरू हुआ विवाद
पीड़ितों के मुताबिक, जब उनकी कार मोहद्दीपुर की ओर आरकेबीके के पीछे ताल रिंग रोड से गुजर रही थी, तभी अचानक एक बाइक उनकी कार के बेहद करीब आ गई। कार चालक ने समय रहते वाहन नियंत्रित कर लिया, जिससे टक्कर होने से बच गई।
बताया जा रहा है कि मामूली सी बात पर बाइक सवार युवक आगबबूला हो गया। उसने मौके पर अपने अन्य साथियों को फोन कर बुला लिया। कुछ ही मिनटों में तीन अलग-अलग बाइकों पर कई युवक वहां पहुंच गए।
युवती से अभद्रता, युवक की बेरहमी से पिटाई
आरोप है कि बाइक सवार युवकों ने कार को चारों ओर से घेर लिया। इसके बाद उन्होंने कार में बैठी युवती के साथ अभद्र व्यवहार शुरू कर दिया।
जब युवक ने इसका विरोध किया तो आरोपी गाली-गलौज पर उतर आए और उसके साथ मारपीट शुरू कर दी। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, दबंगों ने युवक को सड़क पर पीटा और उसका मोबाइल फोन भी छीन लिया। यहीं नहीं, आरोपियों ने कार के शीशे और अन्य हिस्सों में भी तोड़फोड़ की, जिससे वाहन को नुकसान पहुंचा।
राहगीरों ने बचाई जान
मारपीट और हंगामे की आवाज सुनकर आसपास से गुजर रहे राहगीर मौके पर पहुंच गए। लोगों को आता देख आरोपी वहां से भाग निकले। स्थानीय लोगों का कहना है कि यदि राहगीर समय पर नहीं पहुंचते तो घटना और अधिक गंभीर रूप ले सकती थी।
इसी दौरान कुछ लोगों ने पूरी घटना का वीडियो अपने मोबाइल फोन में रिकॉर्ड कर लिया। बाद में यही वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल होने लगा, जिसके बाद मामला चर्चा का विषय बन गया।
क्षेत्राधिकार विवाद में उलझी रही पुलिस
घटना के बाद घायल युवक और युवती को कुछ राहगीर अपने साथ लेकर पैडलेगंज चौकी पहुंचे।
पीड़ितों का आरोप है कि वहां मौजूद पुलिसकर्मियों ने यह कहकर कार्रवाई करने से इनकार कर दिया कि घटनास्थल उनके क्षेत्र में नहीं आता। इसके बाद उन्हें मोहद्दीपुर चौकी भेजा गया। वहां से उन्हें कैंट थाना जाने को कहा गया। कैंट थाना पहुंचने के बाद फिर से मोहद्दीपुर चौकी भेज दिया गया।
इस तरह रात करीब साढ़े 11 बजे से लेकर लगभग दो बजे तक दोनों कार्रवाई के लिए पुलिस चौकी और थाने के चक्कर लगाते रहे। इस दौरान न तो तत्काल मुकदमा दर्ज किया गया और न ही आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए तुरंत कोई कार्रवाई हुई।
वरिष्ठ अधिकारियों के हस्तक्षेप के बाद हरकत में आई पुलिस
जब मामला उच्च अधिकारियों तक पहुंचा और सोशल मीडिया पर वीडियो वायरल होने लगा, तब पुलिस सक्रिय हुई। पुलिस टीम ने घटनास्थल का निरीक्षण किया, आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की जांच शुरू की और लूटे गए मोबाइल फोन को सर्विलांस पर लगाया।
जांच के दौरान मिले तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर पुलिस ने एक आरोपी को हिरासत में ले लिया है। उससे पूछताछ की जा रही है, जबकि उसके अन्य साथियों की तलाश में लगातार दबिश दी जा रही है।
प्रत्यक्षदर्शी ने साझा किया वीडियो
घटना के प्रत्यक्षदर्शी संजय पासवान ने बताया कि उन्होंने पूरी घटना का वीडियो अपने मोबाइल में रिकॉर्ड किया था, जिसे बाद में सोशल मीडिया पर साझा किया गया। उनका कहना है कि राहगीरों ने समय रहते हस्तक्षेप किया, जिससे युवक और युवती की जान बच सकी।
संजय ने यह भी बताया कि उन्होंने घटना से जुड़े वीडियो और अन्य साक्ष्य पुलिस को उपलब्ध करा दिए हैं ताकि आरोपियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई हो सके।
दंपति से भी की गई थी अभद्रता
जानकारी के अनुसार, यही बाइक सवार युवक इससे पहले नौका विहार क्षेत्र में एक अन्य दंपति के साथ भी अभद्रता कर चुके थे। बताया जा रहा है कि दंपति ने भी आरोपियों की हरकत का वीडियो बना लिया था। आसपास लोगों के जुटने पर आरोपी वहां से फरार हो गए।
बाद में जब उन्हें नोएडा निवासी युवक और उसकी महिला मित्र के साथ हुई मारपीट और लूट की जानकारी मिली, तो वे भी पीड़ितों के साथ पुलिस चौकी और थाने पहुंचे। इससे यह आशंका भी जताई जा रही है कि आरोपी देर रात सड़क पर लगातार लोगों को निशाना बना रहे थे।
वायरल वीडियो बना जांच का अहम आधार
सोशल मीडिया पर वायरल हो रहे वीडियो अब पुलिस जांच का महत्वपूर्ण हिस्सा बन गए हैं। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि वायरल वीडियो, प्रत्यक्षदर्शियों के बयान, सीसीटीवी फुटेज और तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर पूरे घटनाक्रम की जांच की जा रही है। पुलिस का दावा है कि जल्द ही फरार आरोपियों की भी पहचान कर उन्हें गिरफ्तार कर लिया जाएगा।
पुलिस की कार्रवाई जारी
फिलहाल पुलिस एक आरोपी को हिरासत में लेकर पूछताछ कर रही है। लूटे गए मोबाइल की लोकेशन ट्रेस की जा रही है और अन्य आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए लगातार दबिश दी जा रही है।
अधिकारियों का कहना है कि घटना में शामिल किसी भी आरोपी को बख्शा नहीं जाएगा और उपलब्ध साक्ष्यों के आधार पर सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
रिपोर्ट- अमरेंद्र पांडेय, गोरखपुर



