गोरखपुर में भारी बारिश से जनजीवन अस्त-व्यस्त, जलभराव वाले इलाकों का मेयर ने किया निरीक्षण

गोरखपुर में एक घंटे में 76 मिमी बारिश के बाद कई इलाकों में जलभराव हो गया। मेयर डॉ. मंगलेश श्रीवास्तव ने प्रभावित क्षेत्रों का निरीक्षण कर जल निकासी तेज करने के निर्देश दिए। नगर निगम राहत कार्य में जुटा है।

4पीएम न्यूज नेटवर्क: लगातार हो रही भारी बारिश ने गोरखपुर शहर की रफ्तार थाम दी है। महज एक घंटे में 76 मिमी वर्षा दर्ज होने के बाद विजय चौक, जुबली स्कूल रोड, धर्मशाला बाजार समेत कई प्रमुख इलाकों में जलभराव हो गया। सड़कों पर पानी भरने से यातायात प्रभावित हुआ और लोगों को दैनिक आवागमन में भारी परेशानियों का सामना करना पड़ा।

कई इलाकों में जलभराव से बढ़ीं मुश्किलें

बारिश के कारण बाजारों और रिहायशी क्षेत्रों में भी हालात बिगड़ गए। कई स्थानों पर नालों का पानी सड़कों पर आने से गंदगी फैल गई। स्थानीय लोगों का कहना है कि हर मानसून में जलभराव की समस्या सामने आती है, लेकिन स्थायी समाधान अब तक नहीं निकल पाया है।

मेयर ने मौके पर पहुंचकर लिया हालात का जायजा

स्थिति गंभीर होने पर मेयर डॉ. मंगलेश श्रीवास्तव प्रभावित क्षेत्रों में पहुंचे और विजय चौक, जुबली स्कूल रोड तथा धर्मशाला बाजार का निरीक्षण किया। उन्होंने नगर निगम अधिकारियों को जल निकासी कार्य में तेजी लाने, नालों की सफाई सुनिश्चित करने और जहां पानी की निकासी बाधित है, वहां तत्काल कार्रवाई करने के निर्देश दिए।

नगर निगम ने तेज किया राहत कार्य

नगर निगम का कहना है कि जलभराव की सूचना मिलते ही टीमें मौके पर भेजी जा रही हैं। संवेदनशील इलाकों में अतिरिक्त पंपिंग मशीनें लगाकर पानी निकालने का प्रयास किया जा रहा है। हालांकि लगातार हो रही बारिश के चलते शहर के कई हिस्सों में जलभराव की समस्या अभी भी बनी हुई है और नागरिकों को राहत मिलने का इंतजार है।

रिपोर्ट- अमरेंद्र पांडेय, गोरखपुर

यह भी पढ़ें: वियतनाम नाव हादसा: पार्थिव शरीरों की वतन वापसी, आज रात मुंबई पहुंचेंगे 15 शव

Related Articles

Back to top button