वाह रे जिम्मेदार! मिट्टी डालकर छोड़ दी सड़क, कीचड़ में फंसी कारें और 25 हजार लोगों की जिंदगी
गोरखपुर के एयरफोर्स स्टेशन-रजही मार्ग पर निर्माणाधीन पुल के पास बनी वैकल्पिक सड़क बारिश में धंस गई। कीचड़ से वाहन फंसे, 25 हजार लोगों का आवागमन प्रभावित हुआ। पीडब्ल्यूडी ने जल्द मरम्मत का दावा किया।

4पीएम न्यूज नेटवर्क: गोरखपुर के एयरफोर्स स्टेशन-रजही मार्ग पर निर्माणाधीन तुर्रा नाला पुल के पास बनाई गई वैकल्पिक सड़क पहली तेज बारिश में ही जवाब दे गई। सड़क धंसने और कीचड़ में तब्दील होने से शनिवार से इस मार्ग पर आवागमन बुरी तरह प्रभावित हो गया। इसका असर दर्जनों गांवों के करीब 25 हजार लोगों पर पड़ा, जिन्हें शहर पहुंचने के लिए लंबा वैकल्पिक रास्ता अपनाना पड़ रहा है।
कीचड़ में फंस रहे वाहन, ग्रामीणों ने संभाली जिम्मेदारी
स्थानीय लोगों का आरोप है कि मरम्मत के नाम पर केवल मिट्टी डालकर रास्ता छोड़ दिया गया। रविवार को कई कारें और बाइक कीचड़ में फंस गईं, जबकि कई दोपहिया चालक फिसलकर घायल भी हुए। ग्रामीणों का कहना है कि प्रशासन ने समय पर न तो बैरिकेडिंग कराई और न ही चेतावनी बोर्ड लगाए। ऐसे में ग्रामीणों ने खुद लाल कपड़ा बांधकर राहगीरों को खतरे से आगाह किया।
स्कूल, कारोबार और मरीजों पर पड़ा असर
सड़क धंसने से स्कूल वैन बीच रास्ते में रुक गईं और कई बच्चे समय पर विद्यालय नहीं पहुंच सके। रजही कैंप बाजार जाने वाले सब्जी व्यापारियों और किसानों को भी लंबा चक्कर लगाना पड़ा, जिससे आर्थिक नुकसान हुआ। स्थानीय लोगों का कहना है कि एंबुलेंस तक को परेशानी झेलनी पड़ी।
क्या बोले जिम्मेदार अधिकारी
ठेकेदार अंशुमान सिंह ने बताया कि तेज बारिश के कारण पानी के बहाव से सड़क के नीचे की मिट्टी बह गई। फिलहाल मिट्टी से भरी बोरियों के जरिए मरम्मत की जा रही है। वहीं, पीडब्ल्यूडी के जूनियर इंजीनियर संजय सहानी ने दावा किया कि दो से तीन दिनों में मार्ग को दुरुस्त करने का प्रयास किया जाएगा, जबकि निर्माणाधीन पुल लगभग 10 दिनों में चालू होने की उम्मीद है।
रिपोर्ट – अमरेंद्र पांडेय, गोरखपुर
यह भी पढ़ें: एक रात की बारिश में जलमग्न हुआ धस्की गांव, ग्रामीणों ने चौड़ी नाली निर्माण की मांग उठाई



