उज्जैन से गिरफ्तारी, फिर गोरखपुर में छापेमारी… लूट के आरोपी की निशानदेही पर बड़ा खुलासा

महाराष्ट्र में लूट के मामले के आरोपी को लेकर पुलिस गोरखपुर के गजपुर पहुंची। आरोपी की निशानदेही पर घर से नकदी बरामद की गई। कार्रवाई के बाद पुलिस आरोपी और बरामद रकम को साथ लेकर रवाना हो गई।

4पीएम न्यूज नेटवर्क: महाराष्ट्र में हुई लूट की वारदात की जांच के सिलसिले में रविवार को महाराष्ट्र पुलिस गोरखपुर जिले के गगहा थाना क्षेत्र के गजपुर गांव पहुंची। पुलिस अपने साथ लूट के मामले के आरोपी को भी लाई थी। आरोपी की निशानदेही पर उसके घर की तलाशी ली गई, जहां से कुछ नकदी बरामद होने की जानकारी सामने आई है। कार्रवाई के बाद पुलिस आरोपी और बरामद नकदी को अपने साथ लेकर आगे की कानूनी प्रक्रिया के लिए रवाना हो गई।

उज्जैन से हुई थी आरोपी की गिरफ्तारी

पुलिस के अनुसार, झंगहा थाना क्षेत्र के जद्दूपुर निवासी जगदीश साहनी का परिवार वर्तमान में गजपुर में रहता है। उनके छोटे पुत्र कुंदन साहनी पर महाराष्ट्र में हुई लूट की घटना में शामिल होने का आरोप है। महाराष्ट्र पुलिस ने उसे पहले मध्य प्रदेश के उज्जैन से गिरफ्तार किया था। पूछताछ में मिली जानकारी के आधार पर पुलिस उसे लेकर गोरखपुर पहुंची।

निशानदेही पर घर में हुई तलाशी

रविवार को गजपुर स्थित घर में पुलिस ने आरोपी की मौजूदगी में तलाशी अभियान चलाया। इस दौरान घर से कुछ नकदी बरामद हुई। हालांकि बरामद रकम कितनी है, इसकी आधिकारिक जानकारी सार्वजनिक नहीं की गई है।

स्थानीय पुलिस ने की कार्रवाई की पुष्टि

गगहा थाना प्रभारी राजकुमार सरोज ने बताया कि महाराष्ट्र पुलिस लूट के मामले के आरोपी कुंदन साहनी को लेकर गजपुर आई थी। उसकी निशानदेही पर घर से कुछ नकदी बरामद की गई है। इसके बाद महाराष्ट्र पुलिस आरोपी और बरामद सामान को अपने साथ लेकर आगे की वैधानिक कार्रवाई के लिए रवाना हो गई।

रिपोर्ट – अमरेंद्र पांडेय, गोरखपुर

यह भी पढ़ें: मिर्जापुर: तेंदुआ या कोई और शिकारी? बछिया की मौत के बाद वन विभाग से बड़ी मांग

Related Articles

Back to top button