“डॉक्टर साहब, मेरा पति स्पर्म सैंपल नहीं दे रहा…” गोरखपुर की महिला ने दर्ज कराया गंभीर केस

गोरखपुर में एक विवाहिता ने पति और ससुराल पक्ष पर दहेज उत्पीड़न, मारपीट और वैवाहिक जीवन से दूरी बनाने का आरोप लगाया है। पुलिस ने पति समेत पांच लोगों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

4पीएम न्यूज नेटवर्क: गोरखपुर में एक विवाहिता की शिकायत के बाद दहेज उत्पीड़न और घरेलू प्रताड़ना का मामला सामने आया है। महिला ने आरोप लगाया है कि शादी के बाद उसके पति ने लंबे समय तक वैवाहिक संबंध नहीं बनाए और चिकित्सकीय जांच की सलाह मिलने के बावजूद स्पर्म सैंपल देने से इंकार कर दिया। महिला का यह भी आरोप है कि बाद में इलाज के नाम पर उससे पांच लाख रुपये की मांग की गई और विरोध करने पर मारपीट कर घर से निकाल दिया गया। पुलिस ने शिकायत के आधार पर मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

महिला ने लगाए गंभीर आरोप

गोरखनाथ क्षेत्र की रहने वाली महिला की शादी नवंबर 2021 में लखनऊ निवासी युवक से हुई थी। पीड़िता का आरोप है कि शादी के बाद से ही पति लगातार दूरी बनाकर रखते थे और दवा का कोर्स चलने का हवाला देते थे। बाद में परिवार के कहने पर लखनऊ के एक अस्पताल में चिकित्सकीय जांच कराई गई, जहां डॉक्टर ने पति का स्पर्म सैंपल मांगा। महिला का आरोप है कि पति सैंपल दिए बिना ही अस्पताल से चले गए।

दहेज के नाम पर पांच लाख रुपये मांगने का आरोप

महिला का कहना है कि ससुराल पक्ष ने इलाज का खर्च बताकर पांच लाख रुपये की मांग की। मांग पूरी न होने पर उसके साथ मारपीट की गई और घर से निकाल दिया गया। पीड़िता ने आरोप लगाया कि उसके मायके वालों को भी धमकियां दी गईं।

पुलिस ने दर्ज किया मुकदमा

गोरखनाथ थाना प्रभारी विजय प्रताप सिंह ने बताया कि महिला की तहरीर के आधार पर पति, सास, देवर, ननद समेत पांच लोगों के खिलाफ दहेज उत्पीड़न और अन्य संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज किया गया है। पुलिस का कहना है कि मामले की जांच की जा रही है और जांच में सामने आने वाले तथ्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।

रिपोर्ट – अमरेंद्र पांडेय, गोरखपुर

यह भी पढ़ें: उज्जैन से गिरफ्तारी, फिर गोरखपुर में छापेमारी… लूट के आरोपी की निशानदेही पर बड़ा खुलासा

नोट: इस मामले में लगाए गए आरोप शिकायतकर्ता के हैं। पुलिस जांच जारी है और आरोपों की अंतिम पुष्टि जांच पूरी होने के बाद ही होगी।

Related Articles

Back to top button