उद्यमियों की शिकायतों पर सख्त हुए मंडलायुक्त, बोले- लापरवाही बर्दाश्त नहीं होगी
गोरखपुर में उद्योग बंधु समिति की बैठक में मंडलायुक्त अनिल ढींगरा ने उद्यमियों की समस्याओं के समयबद्ध समाधान के निर्देश दिए। धीमी प्रगति पर अधिकारियों को फटकार लगाते हुए कार्रवाई की चेतावनी भी दी।

4पीएम न्यूज नेटवर्क: गोरखपुर मंडल में औद्योगिक विकास और निवेश को गति देने के लिए प्रशासन ने सख्त रुख अपनाया है। मंडलायुक्त अनिल ढींगरा ने स्पष्ट किया है कि उद्यमियों की समस्याओं का गुणवत्तापूर्ण और समयबद्ध समाधान प्राथमिकता के आधार पर किया जाए। उन्होंने चेतावनी दी कि किसी भी स्तर पर लापरवाही मिलने पर संबंधित विभाग के अधिकारियों की जवाबदेही तय करते हुए कार्रवाई की जाएगी।
उद्योग बंधु समिति की बैठक में दिए अहम निर्देश
आयुक्त सभागार में आयोजित मंडल स्तरीय उद्योग बंधु समिति की बैठक की अध्यक्षता करते हुए मंडलायुक्त ने कहा कि इस बैठक का उद्देश्य उद्यमियों और विभिन्न विभागों के बीच बेहतर समन्वय और सीधा संवाद स्थापित करना है। उन्होंने प्रदेश सरकार की औद्योगिक नीति के अनुरूप गोरखपुर मंडल में निवेश बढ़ाने और नए उद्योगों को प्रोत्साहन देने पर जोर दिया।
धीमी प्रगति पर अधिकारियों को लगाई फटकार
बैठक में वित्तीय वर्ष 2026-27 के तहत मुख्यमंत्री युवा उद्यमी विकास अभियान, मुख्यमंत्री युवा स्वरोजगार योजना और ओडीओपी वित्त पोषण योजना की समीक्षा की गई। इस दौरान देवरिया, कुशीनगर और महराजगंज के जिला उद्योग अधिकारियों की धीमी प्रगति पर मंडलायुक्त ने नाराजगी जताई और निर्धारित लक्ष्य जल्द पूरा करने के निर्देश दिए। उन्होंने स्पष्ट किया कि लक्ष्य पूरे न होने पर संबंधित अधिकारियों के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी।
निवेश मित्र पोर्टल पर लंबित मामलों के निस्तारण के निर्देश
मंडलायुक्त ने निवेश मित्र पोर्टल पर लंबित स्वीकृतियों, अनापत्ति प्रमाणपत्र और अनुमोदन संबंधी मामलों की समीक्षा करते हुए सभी लंबित प्रकरणों का शत-प्रतिशत ऑनलाइन और समयबद्ध निस्तारण सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। बैठक में गीडा, पुलिस और उद्योग विभाग के वरिष्ठ अधिकारियों के साथ उद्योग बंधु समिति के सदस्य भी मौजूद रहे।
रिपोर्ट – अमरेंद्र पांडेय, गोरखपुर
यह भी पढ़ें: “डॉक्टर साहब, मेरा पति स्पर्म सैंपल नहीं दे रहा…” गोरखपुर की महिला ने दर्ज कराया गंभीर केस



