दिल से कुछ सेंटीमीटर दूर धंसा था चाकू, डॉक्टरों ने 6 गहरे घावों के बीच बचाई युवक की जान

गोरखपुर के एक निजी अस्पताल में हृदय के पास चाकू लगने से गंभीर घायल 24 वर्षीय युवक की जटिल सर्जरी कर जान बचाई गई। डॉक्टरों ने समय रहते रक्तस्राव रोककर सफल उपचार किया, फिलहाल मरीज आईसीयू में भर्ती है।

4पीएम न्यूज नेटवर्क: गोरखपुर के एक निजी अस्पताल में चिकित्सकों ने समय रहते जटिल सर्जरी कर 24 वर्षीय युवक की जान बचा ली। युवक चाकूबाजी की घटना में गंभीर रूप से घायल हुआ था और उसके शरीर पर छह गहरे घाव थे। सबसे गंभीर चोट हृदय के बाईं ओर लगी थी, जहां से चाकू डायफ्राम को भेदते हुए पेट तक पहुंच गई थी। डॉक्टरों के अनुसार, समय पर उपचार नहीं मिलता तो स्थिति जानलेवा हो सकती थी।

अस्पताल पहुंचते ही शुरू हुआ उपचार

घायल की पहचान सुमित कुमार सिंह (24), निवासी बदराव, गोरखपुर के रूप में हुई है। अस्पताल पहुंचने पर उसकी हालत बेहद गंभीर थी। अल्ट्रासाउंड जांच में पेट में अत्यधिक रक्तस्राव का पता चला, जिसके बाद चिकित्सकों ने तत्काल ऑपरेशन का निर्णय लिया।

कार्डियोलॉजी विशेषज्ञों की मदद से हुई जटिल सर्जरी

ऑपरेशन के दौरान हृदय के पास लगी चोट से तेज रक्तस्राव हो रहा था। शुरुआत में हृदय को नुकसान पहुंचने की आशंका थी। स्थिति की गंभीरता को देखते हुए कार्डियोलॉजी विशेषज्ञ डॉ. सौरभ श्रीवास्तव और डॉ. बाल गोविंद सिंह को बुलाया गया। इको जांच में स्पष्ट हुआ कि चाकू हृदय को छूते हुए डायफ्राम तक पहुंची थी, लेकिन हृदय सुरक्षित था।

आईसीयू में निगरानी, हालत स्थिर

चिकित्सकों ने एक्सप्लोरेटरी लैपरोटॉमी और थोरेकॉटमी जैसी जटिल सर्जरी कर रक्तस्राव को नियंत्रित किया। साथ ही गुर्दे के पास लगी चोट का भी सफल उपचार किया गया। अस्पताल के अनुसार, ऑपरेशन के बाद मरीज की हालत स्थिर है और उसे आईसीयू में विशेषज्ञों की निगरानी में रखा गया है।

रिपोर्ट – अमरेंद्र पांडेय, गोरखपुर

यह भी पढ़ें: गोरखपुर में कार का शीशा तोड़कर 5 लाख रुपये से भरा बैग ले उड़े बदमाश, CCTV में कैद हुई वारदात

Related Articles

Back to top button