दूसरी शादी के शक ने उजाड़ दिया पूरा परिवार, मां समेत तीन की मौत से दहला मिर्ज़ापुर

मिर्ज़ापुर के मड़िहान क्षेत्र में कथित विषाक्त पदार्थ सेवन के मामले में महिला और उसके दो बच्चों की मौत हो गई, जबकि एक बच्ची का इलाज जारी है। पुलिस पारिवारिक विवाद समेत सभी पहलुओं की जांच कर रही है।

4पीएम न्यूज नेटवर्क: उत्तर प्रदेश के मिर्ज़ापुर जिले से एक बेहद दुखद पारिवारिक घटना सामने आई है। मड़िहान थाना क्षेत्र के परसौना गांव में एक महिला और उसके तीन बच्चों ने कथित रूप से विषाक्त पदार्थ का सेवन कर लिया। इलाज के दौरान महिला और उसके दो बच्चों की मौत हो गई, जबकि एक बच्ची का उपचार जारी है। घटना के बाद पूरे इलाके में शोक का माहौल है। पुलिस मामले की जांच कर रही है।

इलाज के दौरान तीन लोगों ने तोड़ा दम

पुलिस के अनुसार, परसौना गांव निवासी 38 वर्षीय कुसुम ने अपने बच्चों मधु (12), राधिका (10) और सत्या (8) के साथ विषाक्त पदार्थ का सेवन किया। सभी को पहले प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र मड़िहान और बाद में जिला अस्पताल ले जाया गया। उपचार के दौरान कुसुम, राधिका और सत्या की मौत हो गई, जबकि मधु की गंभीर हालत को देखते हुए उसे वाराणसी रेफर किया गया है।

पति पर दूसरी शादी का संदेह होने की बात सामने आई

प्रारंभिक पुलिस जांच के मुताबिक, कुसुम के पति धर्मेंद्र धरिकार दिल्ली में रहते हैं। महिला को संदेह था कि पति ने दूसरी शादी कर ली है और इसी कारण वह उसकी उपेक्षा कर रहे हैं। पुलिस के अनुसार, घटना से एक दिन पहले दोनों पक्षों के बीच मायके में समझौता हुआ था, लेकिन कथित तौर पर पति महिला को साथ नहीं ले गए। इसके बाद यह घटना हुई।

पुलिस जांच जारी, पोस्टमार्टम कराया गया

पुलिस ने तीनों शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। अधिकारियों का कहना है कि मामले की सभी पहलुओं से जांच की जा रही है। घटना के पीछे के वास्तविक कारणों का पता जांच पूरी होने के बाद ही स्पष्ट हो सकेगा।

रिपोर्ट – संतोष देव गिरी, मिर्ज़ापुर

यह भी पढ़ें: दिल से कुछ सेंटीमीटर दूर धंसा था चाकू, डॉक्टरों ने 6 गहरे घावों के बीच बचाई युवक की जान

Related Articles

Back to top button