फर्जी IAS बनकर रचाई शादी! पति से मांगे 40 लाख, सोशल मीडिया की सच्चाई आई सामने

बरेली में खुद को IAS अधिकारी बताकर शादी करने और पति से 40 लाख रुपये मांगने के आरोप में महिला गिरफ्तार हुई। पुलिस ने आईटी एक्ट समेत कई धाराओं में केस दर्ज कर मामले की जांच तेज कर दी है।

4पीएम न्यूज नेटवर्क: बरेली के फरीदपुर थाना क्षेत्र में फर्जी पहचान के जरिए शादी करने का एक चर्चित मामला सामने आया है। पुलिस ने एक महिला को गिरफ्तार किया है, जिस पर खुद को आईएएस अधिकारी बताकर विवाह करने, सोशल मीडिया पर फर्जी पहचान बनाने और पति से 40 लाख रुपये की मांग करने का आरोप है। मामले में आईटी एक्ट समेत विभिन्न धाराओं में मुकदमा दर्ज किया गया है। पुलिस अन्य आरोपियों की भूमिका की भी जांच कर रही है।

पति की शिकायत पर दर्ज हुआ मुकदमा

ग्राम पचौमी निवासी अभिषेक कुमार ने 27 जून 2026 को पुलिस में शिकायत दर्ज कराई। उनका आरोप है कि महिला और उसके परिजनों ने खुद को आईएएस अधिकारी बताकर विवाह कराया। शादी के बाद उन्हें पता चला कि महिला की सरकारी अधिकारी होने की जानकारी कथित रूप से गलत थी।

40 लाख रुपये और जमीन बेचने का दबाव लगाने का आरोप

शिकायतकर्ता के अनुसार, विवाह के बाद महिला ने पति और परिवार पर मानसिक दबाव बनाया। आरोप है कि उसने 40 लाख रुपये की मांग की और अस्पताल खोलने के लिए 20 बीघा जमीन बेचने का दबाव भी बनाया। शिकायत में गला दबाकर जान से मारने के प्रयास और धमकी देने के आरोप भी लगाए गए हैं।

फेसबुक पर बनाई थी कथित फर्जी पहचान

पुलिस के अनुसार, जांच में सामने आया कि आरोपी महिला ने फेसबुक सहित सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म पर खुद को आईएएस अधिकारी दर्शाने के लिए कथित रूप से फर्जी फोटो और वीडियो साझा किए थे। पुलिस ने महिला को बदायूं जिले से गिरफ्तार किया है। उसके खिलाफ आईटी एक्ट की धारा 66D सहित अन्य धाराओं में मुकदमा दर्ज है। एसएसपी अनुराग आर्य ने बताया कि मामले में अन्य नामजद लोगों की भूमिका की भी जांच जारी है।

रिपोर्ट – सुनील सक्सेना, बरेली 

यह भी पढ़ें: सीतापुर में फिल्मी अंदाज में बकरी चोरी, CCTV में कैद हुई पूरी वारदात; पुलिस जांच में जुटी

Related Articles

Back to top button