10 से ज्यादा मुकदमे, 1 लाख का इनाम… आखिर STF के हत्थे चढ़ा मुस्तफिजुल, इलाज के दौरान मौत

गोरखपुर में STF मुठभेड़ के दौरान एक लाख रुपये का इनामी बदमाश मुस्तफिजुल रहमान घायल हुआ और इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई। पुलिस ने मौके से असलहा, कारतूस और बाइक बरामद की है।

4पीएम न्यूज नेटवर्क: गोरखपुर में उत्तर प्रदेश एसटीएफ और पुलिस की संयुक्त कार्रवाई के दौरान एक लाख रुपये के इनामी बदमाश मुस्तफिजुल रहमान उर्फ बाबू की मुठभेड़ में गोली लगने के बाद इलाज के दौरान मौत हो गई। घटना में एसटीएफ का एक मुख्य आरक्षी भी घायल हुआ है, जिसका उपचार जारी है। पुलिस के अनुसार आरोपी लंबे समय से फरार था और उसके खिलाफ 10 से अधिक गंभीर आपराधिक मुकदमे दर्ज थे।

चेकिंग के दौरान हुई मुठभेड़

पुलिस के मुताबिक 13 जुलाई की देर रात खोराबार थाना क्षेत्र में रामनगर करजहां से कुशीनगर लेन के पास एसटीएफ और पुलिस की संयुक्त टीम चेकिंग कर रही थी। संदिग्ध बाइक सवार को रोकने का प्रयास किया गया तो उसने कथित तौर पर पुलिस टीम पर फायरिंग शुरू कर दी। जवाबी कार्रवाई में मुस्तफिजुल गोली लगने से घायल हो गया।

असलहा, कारतूस और बाइक बरामद

मौके से पुलिस ने .32 बोर की पिस्टल, एक मोटरसाइकिल तथा भारी मात्रा में कारतूस और खोखे बरामद किए हैं। मुठभेड़ के दौरान मुख्य आरक्षी महेंद्र सिंह भी घायल हो गए। दोनों को अस्पताल पहुंचाया गया, जहां उपचार के दौरान मुस्तफिजुल की मौत हो गई।

हत्या समेत 10 से अधिक मुकदमे थे दर्ज

पुलिस के अनुसार मुस्तफिजुल रहमान उर्फ बाबू, आजमगढ़ का निवासी था। उसके खिलाफ हत्या, हत्या के प्रयास, आपराधिक साजिश, धमकी और पुलिस हिरासत से फरार होने सहित 10 से अधिक मुकदमे दर्ज थे। एसएसपी डॉ. कौस्तुभ ने बताया कि आरोपी की लंबे समय से तलाश की जा रही थी और उस पर एक लाख रुपये का इनाम घोषित था।

रिपोर्ट- अमरेंद्र पांडेय, गोरखपुर

यह भी पढ़ें: “डॉक्टर साहब, मेरा पति स्पर्म सैंपल नहीं दे रहा…” गोरखपुर की महिला ने दर्ज कराया गंभीर केस

Related Articles

Back to top button