‘दिल में बाबर, मुंह में राम’ वाले होर्डिंग से गरमाई सियासत, सपा सांसद का भाजपा पर बड़ा आरोप
सीतापुर में सपा नेताओं के खिलाफ लगाए गए विवादित होर्डिंग को लेकर सियासी विवाद गहरा गया। सांसद आनंद भदौरिया ने होर्डिंग हटवाकर जलवाए और मामले में कार्रवाई की मांग करते हुए गंभीर आरोप लगाए।

4पीएम न्यूज नेटवर्क: सीतापुर में समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव और अन्य नेताओं को लेकर लगाए गए विवादित होर्डिंग को लेकर मंगलवार को राजनीतिक माहौल गर्म हो गया। सूचना मिलने पर धौरहरा से सपा सांसद आनंद भदौरिया समर्थकों के साथ मौके पर पहुंचे और स्थानीय लोगों की मदद से होर्डिंग हटवाकर जलवा दिए। मामले को लेकर सपा ने इसे राजनीतिक साजिश बताते हुए प्रशासन की कार्यप्रणाली पर सवाल उठाए हैं।
होर्डिंग पर लिखे संदेश को लेकर बढ़ा विवाद
शहर के मुख्य मार्ग पर लगाए गए होर्डिंग में समाजवादी पार्टी के नेताओं को लेकर विवादित संदेश और कथित बयान प्रदर्शित किए गए थे। इसकी जानकारी मिलते ही सपा कार्यकर्ता मौके पर पहुंचे और विरोध प्रदर्शन शुरू कर दिया। इसके बाद सांसद आनंद भदौरिया ने भी घटनास्थल पहुंचकर होर्डिंग हटवाए।
पहले भी सामने आ चुका है ऐसा मामला
सपा नेताओं का कहना है कि करीब 22 दिन पहले भी इसी स्थान पर पार्टी और अखिलेश यादव के खिलाफ अमर्यादित पोस्टर लगाए गए थे। उस समय भी पुलिस अधीक्षक से शिकायत की गई थी, लेकिन आरोपियों की पहचान सार्वजनिक नहीं हो सकी। पार्टी का कहना है कि समय पर कार्रवाई न होने के कारण ऐसी घटनाओं की पुनरावृत्ति हुई।

सांसद ने लगाए गंभीर आरोप
सांसद आनंद भदौरिया ने आरोप लगाया कि यह लोकतांत्रिक मूल्यों के खिलाफ कृत्य है। उन्होंने दावा किया कि उत्तर प्रदेश सूचना विभाग की पहचान और प्रारूप का कथित दुरुपयोग कर राजनीतिक विरोधियों को बदनाम करने की कोशिश की जा रही है। हालांकि, इन आरोपों पर संबंधित पक्ष की ओर से कोई आधिकारिक प्रतिक्रिया सामने नहीं आई है।
रिपोर्ट – वली चौधरी, सीतापुर
यह भी पढ़ें: 10 से ज्यादा मुकदमे, 1 लाख का इनाम… आखिर STF के हत्थे चढ़ा मुस्तफिजुल, इलाज के दौरान मौत


