आईसीसी ने जारी किया वनडे विश्वकप का नया फॉर्मेट

- विशेषज्ञों को नहीं आया रास, बताया अव्यवस्थित, भारत-पाक और एसोसिएट टीमों पर उठे सवाल
4पीएम न्यूज़ नेटवर्क
दुबई। अंतर्राष्ट्रीय क्रिकेट परिषद (आईसीसी) ने अगले साल होने वाले वनडे विश्वकप के लिए नया प्रतियोगिता प्रारूप पेश किया है। हालांकि, इस बदलाव के बाद क्रिकेट जगत में इसकी आलोचना शुरू हो गई है। कई क्रिकेट विशेषज्ञों ने नए फॉर्मेट को जटिल बताते हुए एसोसिएट टीमों के साथ होने वाले व्यवहार पर सवाल उठाए हैं। आईसीसी के नए प्रारूप के अनुसार विश्वकप के लिए क्वालिफाई करने वाली 14 टीमों में सबसे निचले तीन स्थान पर रहने वाली टीमें पहले राउंड-रॉबिन सुपर सीरीज खेलेंगी।
इस सुपर सीरीज में शीर्ष पर रहने वाली टीम ही दूसरे चरण यानी ग्रूप स्टेज में पहुंचेगी। इसके बाद 12 टीमों को छह-छह टीमों के दो ग्रूप में बांटा जाएगा। दोनों ग्रूप में कुल 30 मुकाबले खेले जाएंगे। इसके बाद हर ग्रूप की शीर्ष तीन टीमें सुपर-7 चरण में पहुंचेंगी। सुपर-7 की सातवीं टीम दोनों ग्रूप की चौथे स्थान पर रहने वाली टीमों में बेहतर प्रदर्शन करने वाली होगी। सुपर-7 में सभी टीमें राउंड-रॉबिन प्रारूप में खेलेंगी और अंत में शीर्ष चार टीमें सेमीफाइनल में जगह बनाएंगी। क्रिकेट विशेषज्ञों ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर लिखा कि वनडे विश्व कप को 12 टीमों का बना दिया गया है और उसके साथ एक बेहद अजीब प्ले-इन ट्राई-सीरीज जोड़ दी गई है। उन्होंने इसे एक त्रासदी बताया। अंग्रेजी पत्रकार मैट रोलर ने कहा कि यह फॉर्मेट ऐसा लगता है जैसे 14 टीमों के विश्व कप को बिना सीधे कहे 12 टीमों का बनाने की कोशिश की गई हो। हालांकि, इस नए फॉर्मेट को लेकर अब तक किसी भी क्रिकेटर ने सार्वजनिक तौर पर कोई सवाल नहीं उठाया है। वहीं, एक अन्य विशेषज्ञ का मानना है कि इस बदलाव से एसोसिएट टीमों की हिस्सेदारी कम होगी। उन्होंने यह भी कहा कि इससे भारत और पाकिस्तान के बीच दो या उससे अधिक मुकाबले कराने की संभावना भी बनाई गई है। उन्होंने पूरे फॉर्मेट को पूरी तरह अव्यवस्थित बताया।
बीसीसीआई सचिव सैकिया आईसीसी की प्रशासन समीक्षा समिति के प्रमुख बने
एडिनबर्ग । बीसीसीआई सचिव देवजीत सैकिया को बुधवार को आईसीसी की नई उप समिति प्रशासन समीक्षा समिति का प्रमुख बनाया गया जिसने क्रिकेट वेस्टइंडीज के लिए12.82 मिलियन डॉलर के ऋ ण को भी मंजूरी दे दी। सैकिया के अलावा क्रिकेट दक्षिण अफ्रीका के डॉक्टर मोहम्मद मूसाजी और आईसीसी के नव नियुक्त स्वतंत्र निदेशक डॉक्टर रोस रिवाज इस समिति में हैं। सैकिया नवगठित फे्रंचाइजी लीग समिति में भी हैं जिसके अध्यक्ष बांग्लादेश के पूर्व कप्तान तामिम इकबाल हैं। समिति में क्रिकेट नामीबिया के डॉक्टर रूडी वान वूरेन, इंग्लैंड और वेल्स क्रिकेट बोर्ड (ईसीबी) के रिचर्ड गूड और क्रिकेट ऑस्ट्रेलिया के टॉड ग्रीनबर्ग भी हैं। आर्थिक तंगी से जूझ रहे क्रिकेट वेस्टइंडीज की मदद के लिए ऋ ण को मंजूरी दी गई। आईसीसी ने संशोधित संविधान को लेकर क्रिकेट श्रीलंका द्वारा की गई प्रगति की भी समीक्षा की। बांग्लादेश क्रिकेट बोर्ड (बीसीबी) के अध्यक्ष तमिम इकबाल की सदस्यों के पूर्णकालिक सदस्य निदेशक के रूप में नियुक्ति को भी मंजूरी दी गई।



