कानपुर देहात में पुलिस टीम पर जानलेवा हमला, डायल-112 की सूचना पर पहुंची PRV बनी निशाना
कानपुर देहात के रूरा क्षेत्र में डायल-112 की सूचना पर पहुंची PRV टीम पर कथित पथराव और लाठी-डंडों से हमला किया गया। एक आरक्षी और एक होमगार्ड घायल हुए हैं। पुलिस आरोपियों की तलाश में लगातार दबिश दे रही है।

कानपुर देहात: उत्तर प्रदेश के कानपुर देहात में डायल-112 की सूचना पर पहुंची पुलिस टीम पर कथित हमले का मामला सामने आया है। आरोप है कि झगड़े की सूचना पर मौके पर पहुंची पीआरवी टीम पर कुछ लोगों ने पथराव कर दिया और लाठी-डंडों से हमला किया। इस घटना में एक आरक्षी और एक होमगार्ड गंभीर रूप से घायल हो गए। सूचना मिलते ही वरिष्ठ अधिकारी भारी पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे और पूरे मामले की जांच शुरू कर दी गई।
झगड़े की सूचना पर पहुंची थी PRV टीम
जानकारी के अनुसार, रूरा थाना क्षेत्र के अमर सिंह का पुरवा गांव में झगड़े की सूचना डायल-112 पर मिली थी। सूचना मिलने के बाद पीआरवी टीम मौके पर पहुंची। आरोप है कि इसी दौरान कुछ लोगों ने पुलिस टीम पर अचानक हमला बोल दिया। हमलावरों ने कथित रूप से पथराव किया और लाठी-डंडों से पुलिसकर्मियों पर हमला कर दिया।
दो पुलिसकर्मी घायल, अस्पताल में चल रहा इलाज
हमले में एक आरक्षी और एक होमगार्ड गंभीर रूप से घायल हो गए। दोनों को तत्काल रूरा सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (सीएचसी) में भर्ती कराया गया, जहां उनका उपचार जारी है। घटना की जानकारी मिलते ही अतिरिक्त पुलिस बल गांव पहुंचा और स्थिति को नियंत्रित किया।
आरोपियों की तलाश में दबिश, गांव में पुलिस तैनात
हमले के बाद आरोपी मौके से फरार हो गए। पुलिस ने उनकी गिरफ्तारी के लिए कई टीमें गठित कर संभावित ठिकानों पर दबिश शुरू कर दी है। घटना के बाद गांव में अतिरिक्त पुलिस बल तैनात किया गया है। अधिकारियों का कहना है कि मामले की गहन जांच की जा रही है और दोषियों के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
रिपोर्ट – प्रांजुल मिश्रा, कानपुर
यह भी पढ़ें: बांदा: दलित पट्टाधारकों का फूटा गुस्सा! कब्जे की मांग को लेकर DM तक पहुंचा मामला



