मिर्जापुर में सूखे का संकट! करणी सेना ने सरकार से की बड़ी मांग, DM को सौंपा गया ज्ञापन
मिर्जापुर में कम बारिश से खेती प्रभावित होने के बीच करणी सेना ने जिलाधिकारी को ज्ञापन सौंपकर जनपद को सूखाग्रस्त घोषित करने और किसानों के लिए विशेष राहत पैकेज देने की मांग की है।

4पीएम न्यूज नेटवर्क : जिले में लगातार कम बारिश और सूखते खेतों के बीच किसानों की चिंता बढ़ती जा रही है। इसी मुद्दे को लेकर शुक्रवार को श्री राष्ट्रीय राजपूत करणी सेना ने जिलाध्यक्ष दिलीप सिंह गहरवार के नेतृत्व में जिलाधिकारी को ज्ञापन सौंपकर मिर्जापुर को तत्काल सूखाग्रस्त घोषित करने की मांग की। संगठन का कहना है कि बारिश के अभाव में खेती प्रभावित हो रही है और किसानों के सामने आर्थिक संकट गहराता जा रहा है।
कम बारिश से फसलों पर संकट
ज्ञापन में बताया गया कि इस वर्ष मिर्जापुर जनपद में सामान्य से काफी कम वर्षा हुई है। इसका सीधा असर खेती पर पड़ा है। सिंचाई के पर्याप्त साधन न होने के कारण खेतों में बोई गई फसलें सूखने लगी हैं, जिससे किसानों को भारी नुकसान उठाना पड़ रहा है।
किसानों के लिए राहत पैकेज की मांग
करणी सेना ने कहा कि यदि जल्द प्रभावी कदम नहीं उठाए गए तो किसानों की आजीविका पर गंभीर असर पड़ेगा। संगठन ने प्रदेश सरकार से मांग की है कि मिर्जापुर को सूखाग्रस्त घोषित कर किसानों के लिए विशेष राहत पैकेज, आर्थिक सहायता और अन्य आवश्यक सुविधाएं उपलब्ध कराई जाएं, ताकि उन्हें मौजूदा संकट से राहत मिल सके।
ज्ञापन सौंपकर उठाई त्वरित कार्रवाई की मांग
जिलाधिकारी को सौंपे गए ज्ञापन के दौरान अभिषेक सिंह धवल, प्रज्ञान कुमार मिश्रा, राकेश कुमार, इंस्पेक्टर सिंह, मधुकर मिश्रा, अतुल सिंह, आलोक सिंह, प्रमोद कुमार सिंह, अजीत सिंह, सुजीत कुमार सिंह और लवकुश तिवारी सहित कई पदाधिकारी मौजूद रहे। फिलहाल मिर्जापुर को सूखाग्रस्त घोषित करने संबंधी कोई आधिकारिक सरकारी घोषणा नहीं हुई है।
रिपोर्ट – संतोष देव गिरी, मिर्ज़ापुर
यह भी पढ़ें: भारत-नेपाल सीमा पर बड़ा खेल? नौतनवा में नेपाली मुद्रा के अवैध कारोबार की चर्चा



