CCTV का तार काटा, लेकिन हो गई बड़ी गलती! 52 लाख की चोरी का राज कैमरे में कैद

मिर्जापुर के सेमरा कलां गांव में चोर घर के पीछे से घुसकर करीब 52 लाख रुपये के सोने-चांदी के आभूषण और 50 हजार रुपये नकद चोरी कर ले गए। सीसीटीवी फुटेज के आधार पर पुलिस आरोपियों की तलाश में जुटी है।

4पीएम न्यूज नेटवर्क : मिर्जापुर के ड्रमंडगंज थाना क्षेत्र में शुक्रवार देर रात हुई एक बड़ी चोरी ने पूरे इलाके में सनसनी फैला दी। बदमाशों ने पहले घर के पीछे से प्रवेश किया, फिर सीसीटीवी कैमरे का तार काटकर वारदात को अंजाम दिया। हालांकि उनकी यह चाल पूरी तरह सफल नहीं हो सकी, क्योंकि घर में घुसते समय दोनों चोर कैमरे में कैद हो गए। पुलिस अब इन्हीं फुटेज के आधार पर आरोपियों की तलाश में जुटी है।

पीछे का दरवाजा तोड़कर घर में घुसे चोर

ड्रमंडगंज थाना क्षेत्र के सेमरा कलां गांव निवासी सीताराम केसरवानी के घर में यह चोरी हुई। परिवार के सदस्य खाना खाने के बाद मकान की ऊपरी मंजिल पर सोने चले गए थे, जबकि गृहस्वामी सामने वाले हिस्से में आराम कर रहे थे। रात करीब दो बजे चोर मकान के पीछे लगे लकड़ी के दरवाजे की कुंडी तोड़कर अंदर दाखिल हुए। वारदात से पहले उन्होंने सीसीटीवी कैमरे का तार भी काट दिया, लेकिन उससे पहले दोनों संदिग्ध कैमरे में रिकॉर्ड हो चुके थे।

52 लाख के आभूषण और 50 हजार रुपये नकद लेकर हुए फरार

घर में घुसने के बाद बदमाशों ने कमरे में रखी अलमारी का लॉक तोड़ा और उसमें रखे सोने-चांदी के आभूषण समेट लिए। गृहस्वामी के अनुसार, उनकी दिवंगत पत्नी सीता केसरवानी, माता गुलाब कली और पुत्रवधू रूबी के करीब 52 लाख रुपये मूल्य के गहने चोरी हुए हैं। इसके अलावा मकान के सामने स्थित किराना दुकान की दराज में रखे 50 हजार रुपये नकद भी चोर अपने साथ ले गए।

CCTV फुटेज के आधार पर जांच में जुटी पुलिस

घटना की सूचना मिलते ही प्रभारी निरीक्षक राजेश कुमार, एसआई रमेश यादव, पुनीत गुप्ता और रघुवर शरण राय पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंचे। पुलिस ने घटनास्थल का निरीक्षण किया और सीसीटीवी फुटेज कब्जे में लेकर जांच शुरू कर दी। फुटेज में दोनों आरोपी गमछे से चेहरा ढके हुए दिखाई दे रहे हैं।

पुलिस बोली- जल्द होगा चोरी का खुलासा

प्रभारी निरीक्षक राजेश कुमार ने बताया कि मामले की हर पहलू से जांच की जा रही है। सीसीटीवी फुटेज में दिखाई दे रहे संदिग्धों की पहचान कराने का प्रयास जारी है। पुलिस को उम्मीद है कि तकनीकी साक्ष्यों और स्थानीय इनपुट के आधार पर जल्द ही आरोपियों को गिरफ्तार कर घटना का खुलासा कर दिया जाएगा।

रिपोर्ट- संतोष देव गिरी, मिर्ज़ापुर

यह भी पढ़ें: उपेन्द्र आत्महत्या केस के बाद खुली पुराने मामलों की फाइलें, जांच पर सबकी नजर

Related Articles

Back to top button