पति-पत्नी का झगड़ा बना मौत की वजह! बीच-बचाव करने पहुंचे 75 वर्षीय बुजुर्ग की चली गई जान
बांदा के कमासिन थाना क्षेत्र में पति-पत्नी के विवाद के दौरान बीच-बचाव करने पहुंचे 75 वर्षीय बुजुर्ग की इलाज के दौरान मौत हो गई। पोस्टमार्टम रिपोर्ट के बाद पुलिस आगे की कानूनी कार्रवाई करेगी।

4पीएम न्यूज नेटवर्क : घरेलू विवाद कई बार ऐसे दर्दनाक मोड़ ले लेते हैं, जिनकी किसी ने कल्पना भी नहीं की होती। उत्तर प्रदेश के बांदा जिले के कमासिन थाना क्षेत्र के साड़ासानी गांव में पति-पत्नी के बीच शुरू हुआ मामूली विवाद देखते ही देखते हिंसक झड़प में बदल गया। हालात शांत कराने पहुंचे 75 वर्षीय बुजुर्ग गंभीर रूप से घायल हो गए और इलाज के दौरान उनकी मौत हो गई। इस घटना के बाद पूरे गांव में मातम का माहौल है।
पति-पत्नी के विवाद ने लिया हिंसक रूप
पुलिस के मुताबिक, 16 जुलाई को पति-पत्नी के बीच हुए विवाद को सुलझाने के दौरान दोनों परिवारों के बीच कहासुनी शुरू हो गई। कुछ ही देर में मामला मारपीट तक पहुंच गया। इसी दौरान बीच-बचाव कर रहे 75 वर्षीय बुजुर्ग हमले में घायल हो गए। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और घायल को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (सीएचसी) कमासिन में भर्ती कराया। प्राथमिक उपचार के बाद उन्हें घर भेज दिया गया। वहीं, पीड़ित पक्ष की तहरीर पर पुलिस ने तत्काल संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर लिया।
अगले दिन बिगड़ी तबीयत, अस्पताल में तोड़ा दम
घटना के अगले दिन बुजुर्ग की तबीयत अचानक बिगड़ गई। परिजन उन्हें दोबारा सीएचसी कमासिन लेकर पहुंचे, जहां डॉक्टरों ने प्राथमिक उपचार के बाद जिला अस्पताल बांदा रेफर कर दिया। इलाज के दौरान चिकित्सकों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। मौत की खबर मिलते ही गांव में शोक की लहर दौड़ गई।
पोस्टमार्टम रिपोर्ट के बाद बढ़ सकती हैं धाराएं
पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। क्षेत्राधिकारी बबेरू कृष्णकांत त्रिपाठी ने बताया कि मामले में पहले ही मुकदमा दर्ज किया जा चुका है। अब पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद यदि आवश्यक हुआ तो मुकदमे में संबंधित कानूनी धाराएं बढ़ाई जाएंगी। फिलहाल पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है।
रिपोर्ट – इक़बाल खान, बांदा
यह भी पढ़ें: CCTV का तार काटा, लेकिन हो गई बड़ी गलती! 52 लाख की चोरी का राज कैमरे में कैद



