गोरखपुर में 445 करोड़ की बड़ी सौगात! दक्षिणांचल की 9 सड़कें बदलेंगी पूरे इलाके की तस्वीर
गोरखपुर के दक्षिणांचल क्षेत्र में 445 करोड़ रुपये की लागत से 118 किमी लंबी 9 प्रमुख सड़कों का चौड़ीकरण और सुदृढ़ीकरण किया जा रहा है। परियोजनाओं के पूरा होने से आवागमन, व्यापार और ग्रामीण विकास को नई रफ्तार मिलेगी।

4पीएम न्यूज नेटवर्क : गोरखपुर के दक्षिणांचल क्षेत्र में सड़क नेटवर्क को मजबूत करने की दिशा में बड़ा कदम उठाया गया है। लोक निर्माण विभाग (PWD) करीब 445 करोड़ रुपये की लागत से 118 किलोमीटर लंबी 9 प्रमुख सड़कों का चौड़ीकरण और सुदृढ़ीकरण करा रहा है। इन परियोजनाओं के पूरा होने से ग्रामीण और कस्बाई इलाकों में आवागमन आसान होगा, जबकि व्यापार, कृषि और स्थानीय अर्थव्यवस्था को भी नई गति मिलने की उम्मीद है।
445 करोड़ की परियोजनाओं पर तेज रफ्तार से चल रहा काम
हाल ही में मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने 57 करोड़ रुपये से अधिक लागत से तैयार धुरियापार-उरुवा-शाहपुर-बेलघाट मार्ग के चौड़ीकरण परियोजना का लोकार्पण किया था। अब शेष आठ परियोजनाओं पर तेजी से काम चल रहा है। जिलाधिकारी दीपक मीणा के अनुसार, सभी कार्य मुख्यमंत्री की मंशा के अनुरूप तय समय सीमा और गुणवत्ता मानकों के साथ पूरे कराने के निर्देश दिए गए हैं। अधिकांश परियोजनाएं अगले एक माह से लेकर मार्च 2027 तक चरणबद्ध तरीके से पूरी होंगी।
इन प्रमुख मार्गों पर जारी है निर्माण कार्य
लोक निर्माण विभाग के अनुसार, महदेवा-दुधरा-सोपरा, गोरखपुर-खजनी-सिकरीगंज, भीटी-बांसगांव-गोला, हाटा-ढेबरा-ढकवा-शिवपुर, कौड़ीराम-जगदीशपुर-डिहवा-हरपुर चीनी मिल, रिकौली-बनकटा, मिनी आईटीआई हरिहरपुर संपर्क मार्ग और उरुवा-दुधरा-पिपरी सहित कुल 9 प्रमुख सड़कों पर चौड़ीकरण एवं सुदृढ़ीकरण का कार्य अलग-अलग चरणों में चल रहा है। कई परियोजनाओं में 50 से 95 प्रतिशत तक काम पूरा हो चुका है।
ग्रामीण क्षेत्रों को मिलेगा सीधा फायदा
इन सड़क परियोजनाओं के पूरा होने के बाद दक्षिणांचल के गांवों और कस्बों की कनेक्टिविटी बेहतर होगी। किसानों को अपनी उपज बाजार तक पहुंचाने में आसानी होगी, व्यापारिक गतिविधियां बढ़ेंगी और लोगों का सफर पहले से अधिक सुरक्षित व सुगम बनेगा। बेहतर सड़क नेटवर्क से क्षेत्र के समग्र विकास को भी नई रफ्तार मिलने की उम्मीद है।
रिपोर्ट – अमरेंद्र पांडेय, गोरखपुर
यह भी पढ़ें: बदायूं में बड़ा हादसा! बच्चों से भरा ट्रैक्टर पलटा, चीख-पुकार से गूंज उठा गांव



