कानपुर में पुलिस पर हमला! समझाने गई टीम पर टूट पड़ी भीड़, वाहन में तोड़फोड़

कानपुर के चौबेपुर क्षेत्र में विवाद सुलझाने पहुंची डायल 112 पुलिस टीम पर हमला कर वाहन के शीशे तोड़ दिए गए। घटना में दो सिपाही घायल हुए हैं। पुलिस ने दो आरोपियों को गिरफ्तार कर अन्य की तलाश शुरू कर दी है।

4पीएम न्यूज नेटवर्क: कानपुर के चौबेपुर थाना क्षेत्र में विवाद सुलझाने पहुंची पुलिस टीम पर हमला किए जाने का मामला सामने आया है। भवानीपुर गांव में दो पक्षों के बीच चल रहे विवाद को शांत कराने पहुंची डायल 112 (PRV) टीम पर कुछ लोगों ने कथित तौर पर हमला कर दिया। इस दौरान पुलिस वाहन के शीशे तोड़ दिए गए और दो सिपाही घायल हो गए। घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ कार्रवाई तेज कर दी है।

विवाद शांत कराने पहुंची थी पुलिस टीम

पुलिस के अनुसार, थाना बिठूर क्षेत्र की पीआरवी-9156 को सूचना मिली थी कि चौबेपुर के भवानीपुर गांव में दो पक्षों के बीच गाली-गलौज और विवाद हो रहा है। सूचना पर डायल 112 की टीम मौके पर पहुंची और दोनों पक्षों को समझाकर मामला शांत कराने का प्रयास किया। इसी दौरान स्थिति अचानक बिगड़ गई।

पुलिस वाहन में की गई तोड़फोड़, दो सिपाही घायल

आरोप है कि एक पक्ष के कुछ लोग उग्र हो गए और पुलिसकर्मियों के साथ धक्का-मुक्की शुरू कर दी। इसके बाद पुलिस वाहन पर हमला कर उसके शीशे तोड़ दिए गए। इस घटना में दो सिपाही घायल हो गए। मौके पर मौजूद अन्य पुलिसकर्मियों ने स्थिति को नियंत्रित किया और मामले की सूचना वरिष्ठ अधिकारियों को दी।

दो आरोपी गिरफ्तार, अन्य की तलाश जारी

घटना का वीडियो सामने आने के बाद पुलिस ने सुसंगत धाराओं में मुकदमा दर्ज कर दो आरोपियों को हिरासत में ले लिया है। फरार अन्य आरोपियों की तलाश के लिए पुलिस लगातार दबिश दे रही है। एसीपी बिल्हौर अंकित कुमार ने बताया कि मामले में विधिक कार्रवाई जारी है और सभी आरोपियों की गिरफ्तारी के प्रयास किए जा रहे हैं.

रिपोर्ट – प्रांजुल मिश्रा, कानपुर

यह भी पढ़ें: लखीमपुर खीरी में गन्ने के खेत से मिला मानव कंकाल, बाघ के हमले की आशंका; जांच में जुटे वन विभाग और पुलिस

Related Articles

Back to top button