बरेली में AI से छात्राओं की अश्लील तस्वीरें बनाकर Instagram पर वायरल, आरोपी छात्र पर केस दर्ज

बरेली में AI तकनीक से छात्राओं की कथित अश्लील तस्वीरें बनाकर फर्जी Instagram अकाउंट से वायरल करने का मामला सामने आया है। साइबर क्राइम पुलिस ने आरोपी छात्र के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

4पीएम न्यूज नेटवर्कः बरेली में कृत्रिम बुद्धिमत्ता (AI) के कथित दुरुपयोग का एक गंभीर मामला सामने आया है। आरोप है कि एक छात्र ने स्कूल की छात्राओं की सोशल मीडिया तस्वीरों का इस्तेमाल कर AI तकनीक से आपत्तिजनक तस्वीरें तैयार कीं और उन्हें फर्जी Instagram अकाउंट के जरिए वायरल कर दिया। शिकायत के बाद साइबर क्राइम थाने में मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी गई है।

8 छात्राओं को बनाया गया निशाना

पीड़ित पक्ष के अनुसार, एक नामी कॉलेज में पढ़ने वाली 12वीं की छात्रा और उसकी सात अन्य सहेलियों की Instagram प्रोफाइल से तस्वीरें ली गईं। आरोप है कि इन तस्वीरों को AI की मदद से अश्लील रूप में एडिट कर Crab.6399276 और rabbit.692651 नाम के फर्जी Instagram अकाउंट से साझा किया गया। छात्राओं ने अकाउंट रिपोर्ट कर बंद कराया, लेकिन आरोप है कि बाद में नया अकाउंट बनाकर तस्वीरें फिर से पोस्ट की गईं।

जांच में छात्र तक पहुंचा मामला

परिजनों के मुताबिक जांच के दौरान एक मोबाइल नंबर सामने आया, जिससे जुड़े Instagram अकाउंट के आधार पर एक 12वीं कक्षा के छात्र पर संदेह जताया गया। शिकायत में यह भी कहा गया है कि आरोपी ने बाद में अपने सोशल मीडिया अकाउंट हटा दिए। पीड़ित पक्ष ने साइबर क्राइम पोर्टल पर भी शिकायत दर्ज कराई है और संबंधित स्क्रीनशॉट जांच एजेंसियों को उपलब्ध कराए हैं।

पुलिस ने दर्ज किया मुकदमा

साइबर क्राइम थाना प्रभारी के अनुसार, आरोपी छात्र के खिलाफ संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी गई है। पुलिस का कहना है कि डिजिटल साक्ष्यों की जांच की जा रही है और जांच के आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी। फिलहाल मामले की जांच जारी है।

रिपोर्ट – सुनील सक्सेना, बरेली

यह भी पढ़ें: बदायूं में बारिश का असर, सब स्टेशन में जलभराव से 72 गांवों की बिजली 12 घंटे से ठप

Related Articles

Back to top button