बरेली में भाई की हत्या का मुख्य आरोपी पुलिस मुठभेड़ के बाद गिरफ्तार, पैर में लगी गोली
बरेली के शेरगढ़ में भाई की हत्या के आरोपी हिस्ट्रीशीटर गुड्डू उर्फ तौफीक को पुलिस ने मुठभेड़ के बाद गिरफ्तार कर लिया। कार्रवाई में आरोपी के पैर में गोली लगी, जबकि एक पुलिसकर्मी भी घायल हुआ।

4पीएम न्यूज नेटवर्कः बरेली के शेरगढ़ थाना क्षेत्र में 17 जुलाई को हुए चर्चित इसरार खान हत्याकांड में पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। मंगलवार तड़के पुलिस ने मुख्य आरोपी गुड्डू उर्फ तौफीक को मुठभेड़ के बाद गिरफ्तार कर लिया। मुठभेड़ के दौरान आरोपी के पैर में गोली लगी, जबकि जवाबी कार्रवाई में एक पुलिसकर्मी भी घायल हो गया।
मकान विवाद में हुई थी हत्या
पुलिस के अनुसार, आरोपी गुड्डू उर्फ तौफीक मृतक इसरार खान का सगा भाई और हिस्ट्रीशीटर है। प्रारंभिक जांच में सामने आया कि शेरगढ़ थाना क्षेत्र के खजुआ जागीर गांव में मकान विवाद को लेकर दोनों के बीच विवाद हुआ था, जिसके बाद आरोपी पर अपने भाई की हत्या करने का आरोप है। वारदात के बाद से वह फरार चल रहा था।
पुलिस घेराबंदी के दौरान हुई मुठभेड़
सीओ बहेड़ी अरुण कुमार सिंह ने बताया कि मुखबिर से सूचना मिलने पर पुलिस ने कस्बापुर गांव स्थित किच्छा नदी पुल के पास घेराबंदी की। पुलिस को देखकर आरोपी ने कथित तौर पर फायरिंग शुरू कर दी। जवाबी कार्रवाई में उसके पैर में गोली लगी और उसे मौके से गिरफ्तार कर लिया गया।
घायल सिपाही का इलाज जारी
मुठभेड़ के दौरान सिपाही अंकुर भाटी के हाथ में गोली लगने से वह घायल हो गए। पुलिस ने आरोपी और घायल पुलिसकर्मी दोनों को अस्पताल में भर्ती कराया है। पुलिस का कहना है कि आरोपी के खिलाफ आगे की विधिक कार्रवाई की जा रही है और हत्याकांड के अन्य पहलुओं की भी जांच जारी है।
रिपोर्ट – सुनील सक्सेना, बरेली
यह भी पढ़ें: सरयू रजवाहा ओवरफ्लो, गजपुर-गगहा मार्ग पर बहा पानी; फसलें प्रभावित, प्रशासन अलर्ट



