सरकार से राहुल गांधी के दो सवाल- गृहमंत्री कब देंगे जवाब, पेपर लीक पर कब होगी चर्चा?
राहुल गांधी ने सरकार से पेपर लीक पर सदन में चर्चा और केंद्रीय गृह मंत्री से स्पष्टीकरण की मांग की, इसे गंभीर राष्ट्रीय मुद्दा बताया.

4पीएम न्यूज नेटवर्क: राहुल गांधी ने सरकार से पेपर लीक पर सदन में चर्चा और केंद्रीय गृह मंत्री से स्पष्टीकरण की मांग की, इसे गंभीर राष्ट्रीय मुद्दा बताया.
कांग्रेस नेता राहुल गांधी और प्रियंका गांधी वाड्रा, पार्टी प्रमुख मल्लिकार्जुन खरगे और कई शीर्ष नेताओं के साथ मंगलवार को प्रधानमंत्री के लोक कल्याण मार्ग वाले घर के बाहर धरने पर बैठे हैं.
लगभग 20 मिनट बाद, प्रधानमंत्री ऑफिस (PMO) में राज्य मंत्री जितेंद्र सिंह ने प्रोटेस्ट वाली जगह पर गांधी से मुलाकात की और उनसे धरना खत्म करने की अपील की. राहुल गांधी ने सरकार से मांग की कि पेपर लीक मामले में पर सदन में चर्चा हो और सदन में केंद्रीय गृह मंत्री स्पष्टीकरण दें.
राहुल गांधी ने सोशल साइट एक्स पर लिखा, छात्रों पर हमला हर भारतीय परिवार पर हमला है. प्रधानमंत्री मोदी को लगता है कि वो बिना जवाब दिए, बिना किसी नतीजे का सामना किए बच निकलेंगे – नहीं कर पाएंगे, इस बार तो बिल्कुल नहीं.
धरने में शामिल हों हर देशभक्त भारतीय … राहुल की अपील
उन्होंने कहा कि मैं हर उस देशभक्त भारतीय से अपील करता हूं जो मानता है कि हमारे छात्रों को न्याय मिलना चाहिए – प्रधानमंत्री आवास के सामने हमारे धरने में शामिल हों. भारत के छात्रों की आवाज को नजरअंदाज नहीं किया जा सकता.
इससे पहले राहुल गांधी ने सोशल साइट एक्स पर लिखा, हम कल युवा छात्रों के साथ हुई क्रूरता के लिए PM मोदी से जवाब मांगने के लिए उनके घर तक मार्च कर रहे हैं. सरकार कोई जवाबदेही नहीं लेना चाहती या संसद में इस पर बहस नहीं चाहती. भारत के युवाओं का भविष्य बर्बाद करने के लिए PM और HM को इस्तीफा दे देना चाहिए.
उन्होंने कहा कि देश का छात्र कह रहा है – हमारा कोई भविष्य नहीं. और इस सरकार के मंत्री कह रहे हैं – हमारी कुर्सी नहीं जाएगी. जिस देश में छात्र भविष्य खो दे और मंत्री कुर्सी न खोए – वहां न्याय है ही नहीं.



