तेज रफ्तार पिकअप का कहर! स्कूल बस के परिचालक को मारी टक्कर, चालक फरार

गोरखपुर के बड़हलगंज में फोरलेन किनारे खड़ी स्कूल बस के परिचालक को तेज रफ्तार पिकअप ने टक्कर मार दी। गंभीर रूप से घायल परिचालक का इलाज जारी है, जबकि चालक वाहन छोड़कर फरार हो गया।

4पीएम न्यूज नेटवर्क : बड़हलगंज क्षेत्र में गुरुवार दोपहर एक तेज रफ्तार पिकअप की टक्कर से निजी स्कूल बस का परिचालक गंभीर रूप से घायल हो गया। हादसा उस समय हुआ जब बस फोरलेन के किनारे खड़ी थी और परिचालक उसके पास मौजूद था। दुर्घटना के बाद चालक वाहन छोड़कर मौके से फरार हो गया। पुलिस ने पिकअप को कब्जे में लेकर मामले की जांच शुरू कर दी है।

बस के पास खड़े परिचालक को मारी जोरदार टक्कर

जानकारी के अनुसार, हनुमान नगर बाछेपार निवासी अशोक जायसवाल (40) एक निजी स्कूल बस में परिचालक हैं। उनके भाई कन्हैया जायसवाल ने बताया कि गुरुवार दोपहर करीब 3:30 बजे बस ग्राम चौतिसा के पास फोरलेन किनारे खड़ी थी। इसी दौरान तेज गति से आई पिकअप ने अशोक को जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर के बाद पिकअप अनियंत्रित होकर बस से भी जा टकराई।

सिर में गंभीर चोट, अस्पताल में चल रहा इलाज

प्रत्यक्षदर्शी एवं बस चालक अशोक कुमार तिवारी के अनुसार, हादसे के तुरंत बाद स्थानीय लोगों ने घायल परिचालक को एंबुलेंस की मदद से दुर्गावती हॉस्पिटल पहुंचाया। चिकित्सकों ने बताया कि उनके सिर में गंभीर चोट आई है और उनकी हालत नाजुक बनी हुई है।

फरार चालक की तलाश में जुटी पुलिस

घटना की सूचना मिलते ही इंस्पेक्टर जितेंद्र यादव पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंचे। पुलिस ने दुर्घटनाग्रस्त पिकअप को कब्जे में ले लिया है और फरार चालक की तलाश की जा रही है। साथ ही आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज भी खंगाली जा रही है ताकि हादसे की परिस्थितियों और चालक की पहचान स्पष्ट हो सके।

रिपोर्ट –  अमरेंद्र पांडेय, गोरखपुर

यह भी पढ़ें: बरेली में मॉर्निंग वॉक पर निकले किराना व्यापारी की चाकू से गोदकर हत्या, संपत्ति विवाद के एंगल पर जांच

Related Articles

Back to top button