अज्ञात शव की पहचान बनी चुनौती,थानों में खंगाले जा रहे गुमशुदगी के रिकॉर्ड
उत्तर प्रदेश के सीतापुर में खेत में सिर कटा शव मिलने से खलबली मच गयी। शव का सिर धड़ से गायब था।

4पीएम न्यूज नेटवर्क: उत्तर प्रदेश के सीतापुर में खेत में सिर कटा शव मिलने से खलबली मच गयी। शव का सिर धड़ से गायब था।
संदना थाना क्षेत्र के देवरी खुर्द गांव में मिले शव को लेकर घटनास्थल का मुआयना करते हुए एएसपी ने बताया है कि सिर को काट कर हत्या की गयी है। क्राइम ब्रांच और फील्ड यूनिट की टीम ने साक्ष्य संकलित किये हैं। शिनाख्त को लेकर गुमशुदगी के रिकॉर्ड खंगाले जा रहे हैं।
संदना थाना क्षेत्र में रविवार सुबह देवरी खुर्द गांव निवासी सुरजबली के खेत में एक व्यक्ति का सिर कटा शव पड़ा मिला। सुबह खेतों की ओर गए ग्रामीणों की नजर शव पर पड़ी तो वे दहशत में आ गए। पास जाकर देखने पर पता चला कि शव की गर्दन धड़ से अलग थी।
सूचना मिलते ही ग्रामीणों की भीड़ जमा हो गई। जानकारी मिलने पर संदना थानाध्यक्ष मान सिंह पाल पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे और घटनास्थल का निरीक्षण किया। पुलिस ने आसपास के खेतों और इलाके में तलाशी अभियान चलाया, लेकिन सिर का कोई सुराग नहीं लग सका।
मामले की गंभीरता को देखते हुए फोरेंसिक टीम और क्राइम ब्रांच को भी बुलाया गया। टीम ने घटनास्थल से साक्ष्य जुटाते हुए जांच शुरू की। घटनास्थल का मुआयना करते हुए अपर पुलिस अधीक्षक दक्षिणी दुर्गेश कुमार सिंह का कहना है कि मामला हत्या का प्रतीत हो रहा है।
पोस्टमार्टम रिपोर्ट और फोरेंसिक जांच के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी। पुलिस सभी पहलुओं पर जांच कर रही है। शव की शिनाख्त के लिए आसपास के थानों में दर्ज गुमशुदगी के रिकॉर्डों का मिलान किया जा रहा है। पड़ोसी जिलों से भी गुमशुदा लोगों की जानकारी जुटाई जा रही है।
सिर की तलाश बनी पुलिस के लिए चुनौती
संदना क्षेत्र में मिले सिर कटे शव की गुत्थी सुलझाने में सबसे बड़ी चुनौती मृतक के सिर की बरामदगी बन गयी है। पुलिस ने घटनास्थल के आसपास खेतों, बागों और खाली स्थानों में सर्च अभियान चलाया। हालांकि देर तक ये क्रम जारी रहा।
बीटीएस का सहारा ले रही पुलिस
सिर कटे अज्ञात शव की पहचान के लिए पुलिस आधुनिक तकनीक का भी सहारा लिया जा रहा है। आसपास के क्षेत्रों में सक्रिय मोबाइल नंबरों का डाटा खंगाला जा रहा है। पुलिस बीटीएस के जरिए संदिग्ध गतिविधियों और लाश की पहचान से जुड़े सुराग जुटाने का प्रयास कर रही है।



