बरेली में संतों का बड़ा ऐलान! DM के बिना नहीं सौंपेंगे ज्ञापन, कलेक्ट्रेट पर धरना

बरेली में संतों, गौ सेवकों और हिंदू संगठनों ने गौ माता को राष्ट्रीय माता घोषित करने की मांग को लेकर कलेक्ट्रेट पर प्रदर्शन किया। ADM को ज्ञापन देने से इनकार कर प्रदर्शनकारी DM के आने का इंतजार करते रहे।

4पीएम न्यूज नेटवर्क: उत्तर प्रदेश के बरेली में सोमवार को गौ माता को राष्ट्रीय माता का दर्जा देने की मांग को लेकर हिंदू संगठनों, गौ सेवकों और साधु-संतों ने जोरदार प्रदर्शन किया। शहर के विभिन्न हिस्सों से निकली पदयात्रा कलेक्ट्रेट पहुंची, जहां प्रदर्शनकारियों ने अपनी मांग को लेकर प्रशासन के सामने विरोध दर्ज कराया। प्रदर्शन के दौरान माहौल धार्मिक नारों और भजन-कीर्तन से गूंजता रहा।

ADM को ज्ञापन देने से किया इनकार, DM के आने की मांग

प्रदर्शनकारियों ने पहले प्रशासन के माध्यम से सरकार को ज्ञापन सौंपने की घोषणा की थी। हालांकि, जब अपर जिलाधिकारी (ADM) ज्ञापन लेने पहुंचे तो उन्होंने ज्ञापन देने से इनकार कर दिया। प्रदर्शनकारियों का कहना था कि ज्ञापन केवल जिलाधिकारी अविनाश सिंह को ही सौंपा जाएगा। इसके बाद बड़ी संख्या में लोग कलेक्ट्रेट गेट पर धरने पर बैठ गए।

हनुमान चालीसा का पाठ, जय श्रीराम के नारों से गूंजा परिसर

धरना स्थल पर डीजे की व्यवस्था की गई, जहां हनुमान चालीसा का पाठ किया गया। “जय श्रीराम” और “जन्म-जन्म का नाता है, गाय हमारी माता है” जैसे नारों से पूरा परिसर गूंज उठा। साधु-संतों की मौजूदगी ने प्रदर्शन को और प्रभावशाली बना दिया। प्रदर्शनकारियों का कहना है कि गौ माता भारतीय संस्कृति, सनातन परंपरा और आस्था का महत्वपूर्ण प्रतीक है, इसलिए केंद्र सरकार इसे राष्ट्रीय माता का दर्जा प्रदान करे।

भारी पुलिस बल तैनात, प्रशासन ने शुरू की वार्ता

प्रदर्शन को देखते हुए कलेक्ट्रेट परिसर के बाहर भारी पुलिस बल तैनात किया गया। प्रशासनिक अधिकारी लगातार प्रदर्शनकारियों से बातचीत कर स्थिति को शांतिपूर्ण बनाए रखने का प्रयास करते रहे। खबर लिखे जाने तक प्रदर्शन जारी था और प्रदर्शनकारी जिलाधिकारी के आने का इंतजार कर रहे थे।

रिपोर्ट- सुनील सक्सेना, बरेली

यह भी पढ़ें: ‘घर में घुसे, ताला काटा और सब ले गए’… बदायूं में पुलिस पर गंभीर आरोप

Related Articles

Back to top button