ऑपरेशन त्रिनेत्र बना चोरों का काल! PAC कर्मी के घर हुई लाखों की चोरी का खुलासा
कानपुर के हनुमंत विहार में PAC कर्मी के घर हुई लाखों की चोरी का पुलिस ने ऑपरेशन त्रिनेत्र की मदद से खुलासा किया। दो शातिर चोर गिरफ्तार किए गए और चोरी का लगभग पूरा सामान बरामद कर आरोपियों को जेल भेज दिया।

4पीएम न्यूज नेटवर्क: कानपुर कमिश्नरेट पुलिस ने ऑपरेशन त्रिनेत्र के तहत बड़ी सफलता हासिल करते हुए लाखों रुपये की चोरी की वारदात का खुलासा कर दिया है। हनुमंत विहार थाना पुलिस ने एक PAC कर्मी के घर हुई चोरी के मामले में दो शातिर आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस का दावा है कि आरोपियों के कब्जे से चोरी गया लगभग पूरा सामान बरामद कर लिया गया है।
PAC कर्मी के घर हुई थी लाखों की चोरी
पुलिस के अनुसार, हनुमंत विहार क्षेत्र में रहने वाले एक PAC कर्मी के घर में चोरी की घटना हुई थी। मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने जांच शुरू की। जांच के दौरान ऑपरेशन त्रिनेत्र के तहत लगे सीसीटीवी कैमरों और अन्य तकनीकी साक्ष्यों की मदद से संदिग्धों की पहचान की गई, जिसके बाद दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया गया।
दोनों आरोपियों का रहा है आपराधिक इतिहास
गिरफ्तार आरोपियों की पहचान पवन और राहुल के रूप में हुई है। पुलिस के मुताबिक, दोनों का लंबा आपराधिक इतिहास रहा है और वे पहले भी कई आपराधिक मामलों में शामिल रह चुके हैं। तलाशी के दौरान उनके कब्जे से चोरी का लगभग शत-प्रतिशत सामान बरामद किया गया, जिससे पुलिस को मामले के खुलासे में अहम सफलता मिली।
DCP दक्षिण ने प्रेस वार्ता में दी जानकारी
डीसीपी दक्षिण दीपेंद्र नाथ चौधरी ने प्रेस वार्ता के दौरान पूरे घटनाक्रम की जानकारी साझा की। उन्होंने बताया कि तकनीकी निगरानी और ऑपरेशन त्रिनेत्र के प्रभावी उपयोग से पुलिस को इस मामले के खुलासे में सफलता मिली। दोनों आरोपियों के खिलाफ आवश्यक कानूनी कार्रवाई पूरी कर उन्हें न्यायालय में पेश करने के बाद जेल भेज दिया गया है।
रिपोर्ट – प्रांजुल मिश्रा, कानपुर
यह भी पढ़ें: कांवड़ यात्रा से पहले बदायूं प्रशासन अलर्ट, डीएम-एसएसपी ने बेलाडांडी घाट पर किया बड़ा निरीक्षण



