बरेली में पुलिस की कार्यशैली पर उठे सवाल, वायरल वीडियो के बाद SSP ने बैठाई जांच
बरेली के फरीदपुर में निर्माणाधीन दीवार गिराने का पुलिस का वीडियो वायरल होने के बाद SSP अनुराग आर्य ने जांच के आदेश दिए। बिना कोर्ट आदेश कार्रवाई के आरोप में दरोगा और सिपाही के खिलाफ विभागीय जांच शुरू हो गई है।

4पीएम न्यूज नेटवर्क: उत्तर प्रदेश के बरेली जिले के फरीदपुर थाना क्षेत्र में पुलिस की कार्यशैली को लेकर विवाद खड़ा हो गया है। सोशल मीडिया पर वायरल एक वीडियो में एक उपनिरीक्षक निर्माणाधीन दीवार को लात मारकर गिराते, जबकि एक सिपाही फावड़े से ईंटें उखाड़ता दिखाई दे रहा है। वीडियो सामने आने के बाद वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक (SSP) अनुराग आर्य ने मामले की जांच के आदेश देते हुए दोनों पुलिसकर्मियों के खिलाफ विभागीय कार्रवाई शुरू करा दी है।
पैतृक जमीन विवाद के बीच हुआ विवाद
मामला ब्लॉक भुता के ग्राम कैरुआ का है। जानकारी के अनुसार, संजय शास्त्री और उनके परिवार के बीच करीब 20 वर्षों से पैतृक जमीन के बंटवारे को लेकर विवाद चल रहा है। शनिवार को निर्माण कार्य के दौरान विवाद बढ़ गया था। इसके बाद डायल-112 पर सूचना मिलने पर पुलिस ने दोनों पक्षों के खिलाफ शांति भंग की कार्रवाई करते हुए निर्माण कार्य रुकवा दिया था।
‘बिना कोर्ट आदेश गिरा दी दीवार’ का आरोप
पीड़ित संजय शास्त्री का आरोप है कि कार्रवाई के बाद भी हल्का संख्या-2 में तैनात उपनिरीक्षक परविंदर कुमार एक सिपाही के साथ दोबारा मौके पर पहुंचे और बिना किसी न्यायालय के आदेश तथा राजस्व विभाग की मौजूदगी के निर्माणाधीन दीवार गिराने लगे। ग्रामीणों ने इस पूरी घटना का वीडियो रिकॉर्ड कर लिया, जो अब सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है।
दरोगा ने मानी गलती, SSP ने शुरू कराई विभागीय जांच
वायरल वीडियो के बाद उपनिरीक्षक परविंदर कुमार ने स्वीकार किया कि वह हाल ही में ट्रैफिक पुलिस से सिविल पुलिस में पदोन्नत हुए हैं और नियमों की पूरी जानकारी न होने के कारण उनसे गलती हो गई। उधर, SSP अनुराग आर्य ने मामले की जांच सीओ फरीदपुर संदीप सिंह को सौंप दी है। प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि मौके पर पहुंचे पुलिसकर्मियों के पास कोई न्यायालय का आदेश नहीं था। फिलहाल दोनों के खिलाफ विभागीय कार्रवाई जारी है और मामले की विस्तृत जांच की जा रही है।
रिपोर्ट – सुनील सक्सेना, बरेली
यह भी पढ़ें: ऑपरेशन त्रिनेत्र बना चोरों का काल! PAC कर्मी के घर हुई लाखों की चोरी का खुलासा



