मप्र व बिहार में नापी जाएगी भाजपा की ताकत

दतिया व बांकीपुर में उपचुनाव कल, मतदान केलिए तैयार मतदाता

  • चुनाव प्रचार खत्म, सभी दलों ने झोंकी ताकत, अब जनसंपर्क कर रहे
  • नितिन नवीन ने कर दिया भाजपा प्रत्याशी की जीत का दावा

4पीएम न्यूज़ नेटवर्क
पटना-भोपाल। मप्र व बिहार में 3० जुलाई को क्र मश: दतिया व बांकीपुर में विस के उपचुनाव है । यहां पर मंगलवार को चुनाव प्रचार खत्म हो चुका हैं। भाजपा का कांग्रेस व राजद के बीच अहम मुकाबला है। जहां  दतिया वहां भजपा के दिग्गज नेता नरोत्तम मिश्रा केसमर्थकों के उनको टिकट न दिये जाने को लेकर सुर्खियों में रहा तो वहीं बिहार का बाकीपुर भाजपा राष्ट्रीय अध्यक्ष नीतिन नबीन केकारण हॉट सीट बन गया वे वहां से विधायक रहे वर्तमान में रास में जा चुके हैं। इससे पहले बांकीपुर उपचुनाव प्रचार का मंगल को आखिरी दिन था। सभी प्रत्याशियों सुबह से ही चुनावी मैदान में डटे रहे। मतदाताओं को रिझाने की हर संभव कोशिश की। भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन और नेता प्रतिपक्ष तेजस्वी यादव ने मतदान से पहले ही जीत का दावा कर दिया। मतदान से पहले का अंतिम दिन राजनीतिक दलों के लिए सबसे अहम बन गया है। राष्ट्रीय जनता दल (राजद) और भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) दोनों ने अपने-अपने उम्मीदवारों के समर्थन में पूरी ताकत झोंक दी है।
नेता प्रतिपक्ष तेजस्वी यादव जहां राजद प्रत्याशी रेखा गुप्ता के पक्ष में मेगा रोड शो किया, वहीं भाजपा भी अपने उम्मीदवार नीरज कुमार सिन्हा के समर्थन में वरिष्ठ नेताओं के साथ जनसंपर्क अभियान चला रही है। नितिन नवीन ने आज सोशल मीडिया पर लाइव आए और नीरज सिन्हा के लिए वोट मांगा। भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन ने कहा कि मीठापुर, चांदपुर बेला, सिपारा, दशरथा, मंदिरी, विग्रहपुर, चिरैयाटांड़, बोरिंग रोड और किदवईपुरी समेत पूरे बांकीपुर क्षेत्र में पिछले वर्षों में विकास कार्यों के कारण लोगों के जीवन में सकारात्मक बदलाव आया है। उन्होंने कहा कि बांकीपुर की जनता इस बार एनडीए प्रत्याशी नीरज कुमार सिन्हा को अपना सेवक चुनने जा रही है। वर्षों से बांकीपुर के लोगों का स्नेह और विश्वास ही उनकी सबसे बड़ी ताकत रहा है और उसी जनसमर्थन से क्षेत्र में विकास की यात्रा लगातार आगे बढ़ी है। नितिन नवीन ने विश्वास जताया कि जिस भरोसे के साथ बांकीपुर की जनता ने दशकों से भाजपा को जनसेवा का अवसर दिया है, उसी विश्वास को कायम रखते हुए वह इस बार भी नीरज कुमार सिन्हा को भारी मतों से विजयी बनाकर विकास और जनसेवा की इस यात्रा को नई गति देगी।

भाजपा के सामने 2023 की हार की चुनौती

दतिया लंबे समय से भाजपा का मजबूत गढ़ रहा है, लेकिन 2023 के विधानसभा चुनाव में पार्टी को हार का सामना करना पड़ा था। इस बार भाजपा ने पूर्व संभागीय संगठन मंत्री आशुतोष तिवारी को उम्मीदवार बनाया है। पार्टी ने चुनाव में दतिया के विकास कार्यों, मेडिकल कॉलेज, सडक़, स्कूल और स्वास्थ्य सुविधाओं को प्रमुख मुद्दा बनाया है। इसके साथ ही संगठन, राष्ट्रवाद और केंद्र व राज्य सरकार की उपलब्धियों के जरिए भी मतदाताओं तक पहुंचने की कोशिश की गई। भाजपा के लिए चुनौती यह है कि पिछले चुनाव में मिली हार को दोहराने से कैसे रोका जाए और अपने पारंपरिक वोट बैंक को मतदान केंद्र तक कैसे पहुंचाया जाए।

कांग्रेस को घनश्याम की छवि और स्थानीय मुद्दों पर भरोसा

कांग्रेस प्रत्याशी घनश्याम सिंह की व्यक्तिगत छवि पार्टी के अभियान का प्रमुख आधार रही। कांग्रेस ने किसानों, युवाओं और स्थानीय समस्याओं को मुद्दा बनाया। कुछ इलाकों में भ्रष्टाचार के आरोपों को भी चुनावी मुद्दा बनाया गया। प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष जीतू पटवारी ने प्रचार अभियान में पूरी ताकत लगाई। घनश्याम सिंह के परिवार के सदस्य भी जमीनी स्तर पर सक्रिय रहे, जबकि पूर्व मुख्यमंत्री दिग्विजय सिंह और पूर्व मंत्री जयवर्धन सिंह ने संगठनात्मक स्तर पर रणनीति को मजबूत किया।

भीड़ बता रही जनता का मूड क्या है : तेजस्वी

राजद की ओर से तेजस्वी यादव का रोड शो पुरानी हड़ताली मोड़ स्थित पहलवान मार्केट से शुरू हुआ। इस दौरान तेजस्वी यादव ने राजद प्रत्याशी की जीत का दावा भी किया। लगभग सात किलोमीटर लंबा यह रोड शो विभिन्न इलाकों से गुजरते हुए दोपहर करीब तीन बजे चाकरम देवी मंदिर परिसर में समाप्त हुआ। पार्टी नेताओं का दावा है कि इस दौरान बड़ी संख्या में समर्थक शामिल होंगे। इससे पहले सोमवार को भी तेजस्वी यादव ने रेखा गुप्ता के साथ बांकीपुर क्षेत्र में रोड शो किया था। मीठापुर स्थित राजद कार्यालय से शुरू हुआ यह जनसंपर्क अभियान चिरैया टांड़ पुल होते हुए सब्जीबाग चौराहे तक पहुंचा। रोड शो के बाद तेजस्वी यादव ने कहा कि लोगों की भारी भागीदारी बदलाव की इच्छा को दर्शाती है और बांकीपुर की जनता इस बार नया जनादेश देने के मूड में है।

Related Articles

Back to top button