एक पल में उजड़ गया परिवार! मीरजापुर सड़क हादसे में पिता-पुत्र की दर्दनाक मौत
मीरजापुर के गैपुरा में अनियंत्रित कंटेनर सड़क किनारे सो रहे पिता-पुत्र को रौंदते हुए मकान में जा घुसा। हादसे में दोनों की मौत हो गई। ग्रामीणों ने सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल उठाए, पुलिस जांच में जुटी है।

4पीएम न्यूज नेटवर्क: विंध्याचल थाना क्षेत्र के गैपुरा में गुरुवार तड़के हुए दर्दनाक सड़क हादसे ने पूरे इलाके को झकझोर दिया। प्रयागराज की ओर से आ रहा एक सीमेंट कंटेनर अनियंत्रित होकर सड़क किनारे चारपाई पर सो रहे पिता-पुत्र को रौंदते हुए मकान में जा घुसा। हादसे में पिता की मौके पर मौत हो गई, जबकि गंभीर रूप से घायल बेटे ने जिला अस्पताल में इलाज के दौरान दम तोड़ दिया। घटना के बाद क्षेत्र में शोक और आक्रोश का माहौल है।
भोर तीन बजे हुआ हादसा, मकान भी हुआ क्षतिग्रस्त
पुलिस के अनुसार, गुरुवार सुबह करीब तीन बजे कंटेनर (MP 19 ZQ 9901) कलना गहरवार के पास अनियंत्रित होकर पलट गया। हादसे में 45 वर्षीय शिव प्रसाद गुप्ता की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि उनके 13 वर्षीय पुत्र रोहित को गंभीर हालत में जिला अस्पताल भेजा गया, जहां उपचार के दौरान उसकी भी मृत्यु हो गई। दुर्घटना में मकान को भी नुकसान पहुंचा। पुलिस ने वाहन को कब्जे में लेकर मामला दर्ज कर लिया है और आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है।
ग्रामीणों ने सुरक्षा व्यवस्था पर उठाए सवाल
घटना के बाद बड़ी संख्या में ग्रामीण मौके पर पहुंच गए। स्थानीय लोगों का आरोप है कि डिवाइडर पर पर्याप्त संकेतक और सुरक्षा इंतजाम नहीं होने के कारण यह हादसा हुआ। बढ़ते आक्रोश को देखते हुए आसपास के थानों से अतिरिक्त पुलिस बल बुलाया गया। मौके पर क्षेत्राधिकारी नगर और उपजिलाधिकारी सदर भी मौजूद रहे।
50 लाख मुआवजे की मांग, प्रशासन से कार्रवाई की अपील
हादसे की सूचना पर राष्ट्रवादी मंच के संयोजक मनोज श्रीवास्तव भी मौके पर पहुंचे। उन्होंने मृतक परिवार को सांत्वना देते हुए जिला प्रशासन से 50 लाख रुपये का मुआवजा, क्षतिग्रस्त मकान का पुनर्निर्माण और पीड़ित परिवार को हरसंभव सहायता देने की मांग की। फिलहाल पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है और हादसे के कारणों का पता लगाया जा रहा है।
रिपोर्ट – संतोष देव गिरी, मीरजापुर
यह भी पढ़ें: जिला अस्पताल से लापता 10 साल की बच्ची की हत्या, हिरासत में सिपाही ने कबूला जुर्म



