बरेली में गौरक्षक-यूट्यूबर पर जानलेवा हमला, ICU में जिंदगी की जंग लड़ रहे सत्यम गौड़
बरेली के फरीदपुर में गौरक्षक व यूट्यूबर सत्यम गौड़ पर कथित जानलेवा हमला हुआ। गंभीर रूप से घायल सत्यम ICU में भर्ती हैं। पुलिस वायरल वीडियो और अन्य साक्ष्यों के आधार पर आरोपियों की तलाश में जुटी है।

4पीएम न्यूज नेटवर्क : फरीदपुर थाना क्षेत्र में गौरक्षक और यूट्यूबर सत्यम गौड़ (25) पर हुए कथित जानलेवा हमले ने इलाके में सनसनी फैला दी है। परिजनों का आरोप है कि एक दर्जन से अधिक लोगों ने लाठी-डंडों और लात-घूंसों से उनकी बेरहमी से पिटाई की और उन्हें मरणासन्न हालत में सड़क पर छोड़कर फरार हो गए। गंभीर रूप से घायल सत्यम का स्टेडियम रोड स्थित वंश हॉस्पिटल के आईसीयू में इलाज चल रहा है।
घर लौटते समय रास्ते में घेरकर किया हमला
जानकारी के अनुसार, मोहल्ला बक्सरिया निवासी सत्यम गौड़ रविवार देर रात बाइक से अपने घर लौट रहे थे। आरोप है कि टॉकीज रोड के पास पहले से मौजूद कुछ युवकों ने उन्हें घेर लिया और हमला कर दिया। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार हमलावर तब तक मारपीट करते रहे, जब तक सत्यम बेहोश होकर सड़क पर नहीं गिर गए। घटना का एक वीडियो भी सोशल मीडिया पर वायरल है, जिसकी जांच पुलिस कर रही है।
एम्बुलेंस चालक ने बचाई जान, कई हड्डियां टूटीं
परिजनों का दावा है कि हमलावर सत्यम को मृत समझकर मौके से फरार हो गए। इसी दौरान वहां से गुजर रहे एक एम्बुलेंस चालक ने उन्हें गंभीर हालत में अस्पताल पहुंचाया। सत्यम के भाई शिवम गौड़ के अनुसार हमले में उनके भाई के शरीर की कई हड्डियां टूट गई हैं और उनकी हालत अभी भी नाजुक बनी हुई है।
वीडियो के आधार पर आरोपियों की तलाश में पुलिस
परिजनों ने फर्रुखपुर निवासी विक्की और उसके साथियों पर हमले का आरोप लगाया है। फरीदपुर पुलिस ने तहरीर के आधार पर मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि वायरल वीडियो, सीसीटीवी फुटेज और अन्य साक्ष्यों के आधार पर आरोपियों की पहचान कर जल्द गिरफ्तारी की जाएगी। पुलिस ने मामले की निष्पक्ष जांच का भरोसा दिलाया है।
रिपोर्ट – सुनील सक्सेना, बरेली
यह भी पढ़ें: एक पल में उजड़ गया परिवार! मीरजापुर सड़क हादसे में पिता-पुत्र की दर्दनाक मौत



