हरियाणा के रोहतक में दर्दनाक हादसा, ट्रक से टकराई तेज रफ्तार कार; तीन लोगों की मौत

रोहतक। रोहतक जिले के कलानौर थाना क्षेत्र में 152-डी एक्सप्रेसवे पर गुरुवार तड़के हुए भीषण सड़क हादसे में तीन लोगों की मौके पर ही मौत हो गई। हादसा गांव खैरड़ी के पास उस समय हुआ, जब नारनौल की ओर जा रही एक टाटा गाड़ी आगे चल रहे ट्रक से पीछे से टकरा गई। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि टाटा गाड़ी के परखच्चे उड़ गए और उसमें सवार तीनों लोगों ने मौके पर ही दम तोड़ दिया। पुलिस के अनुसार, सूचना मिलते ही कलानौर थाना पुलिस मौके पर पहुंची और राहत एवं बचाव कार्य शुरू किया।
पुलिस ने तीनों शवों को वाहन से बाहर निकलवाकर कब्जे में लिया और पोस्टमार्टम के लिए रोहतक के शवगृह भिजवा दिया। हादसे में मृतकों में एक की पहचान मनोज कुमार जैन पुत्र सुभाष चंद्र जैन निवासी रामकरण दास कालोनी, नारनौल के रूप में हुई है।
वहीं, उसके साथ मौजूद दो अन्य मृतकों की पहचान अभी तक नहीं हो सकी है। पुलिस उनकी पहचान कराने के प्रयास में जुटी है। पुलिस ने घटना की सूचना मृतक के परिजनों के साथ-साथ नारनौल पुलिस को भी दे दी है। प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि टाटा गाड़ी अंबाला की ओर से आ रही थी और नारनौल की तरफ जा रही थी। इसी दौरान वह आगे चल रहे ट्रक से पीछे से टकरा गई, जिससे यह दर्दनाक हादसा हुआ।
कलानौर थाना पुलिस का कहना है कि दुर्घटना के कारणों की जांच की जा रही है। पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सौंप दिए जाएंगे और जांच के आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।

Related Articles

Back to top button