गोरखपुर में दोस्त को बचाने के दौरान नाले में डूबा किशोर, रील बनाते समय हुआ दर्दनाक हादसा

गोरखपुर के कुसम्ही जंगल स्थित तुर्रा नाले में रील बनाते समय दोस्त को बचाने के प्रयास में 16 वर्षीय किशोर की डूबने से मौत हो गई। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजकर मामले की जांच शुरू कर दी है।

4पीएम न्यूज नेटवर्क: एम्स थाना क्षेत्र के कुसम्ही जंगल स्थित पुराना बुढ़िया माता मंदिर (देवाचौर) के पास गुरुवार दोपहर एक दर्दनाक हादसे में 16 वर्षीय किशोर की डूबने से मौत हो गई। बताया जा रहा है कि चार दोस्त नाले में नहाने के साथ-साथ सोशल मीडिया के लिए रील भी बना रहे थे। इसी दौरान एक किशोर पानी में डूबने लगा, जिसे बचाने के प्रयास में दूसरा किशोर गहरे पानी में चला गया और उसकी जान चली गई।

दोस्त को बचाने के प्रयास में हुआ हादसा

पुलिस के अनुसार, कैंट थाना क्षेत्र के रानीडीहा निवासी 16 वर्षीय मोनू राजभर अपने दोस्तों गामा गुप्ता, विकास और भोला राजभर के साथ मोटरसाइकिल से कुसम्ही जंगल स्थित तुर्रा नाले में नहाने गया था। इसी दौरान विकास पानी में डूबने लगा। उसे बचाने के लिए मोनू तुरंत नाले में उतरा, लेकिन गहराई अधिक होने के कारण वह स्वयं भी डूब गया।

अस्पताल पहुंचने से पहले ही चली गई जान

साथियों ने किसी तरह मोनू को बाहर निकालकर प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र खोराबार पहुंचाया, जहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया। इसके बाद परिजन उसे एम्स गोरखपुर ले गए, लेकिन वहां भी डॉक्टरों ने जांच के बाद उसकी मौत की पुष्टि कर दी।

पुलिस जांच में जुटी, परिवार में मातम

घटना की सूचना मिलते ही एम्स थाना पुलिस मौके पर पहुंची और शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। पुलिस पूरे घटनाक्रम की जांच कर रही है। मोनू की असमय मौत से परिवार में कोहराम मचा हुआ है। उसकी मां और अन्य परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है, जबकि पूरे गांव में शोक का माहौल है। यह घटना जलाशयों में सावधानी बरतने और जोखिम भरे हालात में रील बनाने से बचने की जरूरत को भी रेखांकित करती है।

रिपोर्ट – अमरेंद्र पांडेय, गोरखपुर

Related Articles

Back to top button