सरकारी नौकरी का सपना दिखाकर 11 लाख की ठगी, फर्जी नियुक्ति पत्र देने वाला गिरफ्तार
गोरखपुर में सरकारी नौकरी दिलाने के नाम पर 11.18 लाख रुपये की कथित ठगी करने वाले आरोपी को पीपीगंज पुलिस ने गिरफ्तार किया। जांच में फर्जी नियुक्ति पत्र और आईडी कार्ड का खुलासा हुआ।

4पीएम न्यूज नेटवर्क : सरकारी नौकरी दिलाने के नाम पर लाखों रुपये की ठगी करने के मामले में पीपीगंज पुलिस ने एक आरोपी को गिरफ्तार किया है। पुलिस के मुताबिक, आरोपी ने सरकारी विभाग में नौकरी दिलाने का भरोसा देकर एक व्यक्ति से 11.18 लाख रुपये से अधिक की रकम ली और बाद में कथित तौर पर फर्जी नियुक्ति पत्र एवं पहचान पत्र सौंप दिए। दस्तावेजों की जांच में उनके फर्जी होने की पुष्टि होने पर मामला पुलिस तक पहुंचा।
नौकरी दिलाने का झांसा देकर ऐंठे 11.18 लाख रुपये
पुलिस के अनुसार, गिरफ्तार आरोपी की पहचान कुशीनगर जिले के कुबेरस्थान थाना क्षेत्र के अन्हारीबाग निवासी संतोष कुमार गौतम के रूप में हुई है। आरोप है कि उसने सरकारी नौकरी दिलाने का दावा करते हुए शिकायतकर्ता से कुल 11,18,400 रुपये लिए। बाद में उसने नियुक्ति पत्र और आईडी कार्ड दिए, लेकिन सत्यापन के दौरान सभी दस्तावेज फर्जी पाए गए।
रुपये वापस मांगने पर नहीं लौटाई रकम
पीड़ित का आरोप है कि जब उसने आरोपी से अपनी रकम वापस मांगी तो उसने पैसे लौटाने से इनकार कर दिया। इसके बाद पीपीगंज थाने में तहरीर देकर मुकदमा दर्ज कराया गया। पुलिस ने मामले की विवेचना के दौरान साक्ष्य जुटाते हुए आरोपी को गिरफ्तार कर लिया।
पहले से भी दर्ज हैं आपराधिक मामले
पुलिस के मुताबिक, आरोपी के खिलाफ पहले भी विभिन्न आपराधिक मामले दर्ज हैं। उसके विरुद्ध पीपीगंज थाने में भारतीय न्याय संहिता की विभिन्न धाराओं के तहत मुकदमा दर्ज है, जबकि कुशीनगर के कसया थाने में भी अमानत में खयानत का मामला दर्ज होने की जानकारी दी गई है। पुलिस ने बताया कि मामले में आगे की विधिक कार्रवाई जारी है।
रिपोर्ट – अमरेंद्र पांडेय, गोरखपुर
यह भी पढ़ें: गोरखपुर में दोस्त को बचाने के दौरान नाले में डूबा किशोर, रील बनाते समय हुआ दर्दनाक हादसा



