भारत ने पहली बार जूडो में दो स्वर्ण जीत रचा इतिहास

- कॉमनवेल्थ गेम्स 2026: 23 पदकों के साथ अंकतालिका में 10वें स्थान पर है भारत
4पीएम न्यूज़ नेटवर्क
ग्लास्गो। कॉमनवेल्थ गेम्स 2026 में शुक्रवार भारत के लिए अब तक का सबसे यादगार दिन साबित हुआ। जूडो में पहली बार दो स्वर्ण पदक जीतकर इतिहास रचा गया, जबकि एथलेटिक्स में नीरज चोपड़ा, यशवीर सिंह और तेजस्विन शंकर ने पदक दिलाए। दूसरी ओर बॉक्सिंग में भारत के सभी 10 मुक्केबाज फाइनल में पहुंचकर कम से कम रजत पदक पक्का कर चुके हैं। इन शानदार प्रदर्शनों की बदौलत भारत ने शुक्रवार को छह पदक अपने नाम किए और कुल पदकों की संख्या 23 तक पहुंचा दी। इसके बावजूद भारतीय दल पांच स्वर्ण, 12 रजत और छह कांस्य के साथ पदक तालिका में 10वें स्थान पर बना हुआ है।
जूडो में 48 किग्रा वर्ग में त्रिपुरा की अस्मिता डे राष्ट्रमंडल खेलों में जूडो का स्वर्ण जीतने वाली पहली भारतीय बनीं। उन्होंने कनाडा की हेडी क्वाच को गोल्डन स्कोर में हराया। पुरुष 60 किग्रा वर्ग में हर्ष सिंह ने ऑस्ट्रेलिया के जोशुआ कैट्ज को हराकर राष्ट्रमंडल खेलों में जूडो स्वर्ण जीतने वाले पहले भारतीय पुरुष बनने का गौरव हासिल किया। वहीं यामिनी मौर्य महिला 57 किग्रा वर्ग के गोल्डन स्कोर फाइनल में इंग्लैंड की एसिल्या टॉपराक से हारकर रजत पदक तक पहुंचीं। दो बार के ओलंपिक पदक विजेता नीरज चोपड़ा ने 85.83 मीटर के सीजन बेस्ट थ्रो के साथ रजत पदक जीता। पदार्पण कर रहे यशवीर सिंह ने आखिरी प्रयास में 85.41 मीटर थ्रो कर कांस्य अपने नाम किया। वहीं तेजस्विन शंकर ने 7976 अंकों के साथ डेकाथलन में कांस्य जीता।
श्रीलंका से टेस्ट खेलने के लिए बुमरा फिट घोषित
बंगलूरू। भारतीय क्रिकेट टीम को श्रीलंका दौरे से पहले बड़ी राहत मिली है। तेज गेंदबाजी के अगुआ जसप्रीत बुमराह ने बेंगलुरु स्थित बीसीसीआई सेंटर ऑफ एक्सीलेंस में अनिवार्य फिटनेस टेस्ट पास कर लिया है। इसके साथ ही वह अगले महीने श्रीलंका के खिलाफ होने वाली दो मैचों की टेस्ट सीरीज में खेलने के लिए पूरी तरह फिट घोषित कर दिए गए हैं। बुमराह को हाल ही में इंग्लैंड के खिलाफ वनडे सीरीज के दौरान प्रभाव (इम्पैक्ट) चोट लगी थी। इसी वजह से उन्हें लॉर्ड्स में खेले गए तीसरे वनडे से बाहर बैठना पड़ा था। हालांकि अब मेडिकल टीम ने उन्हें खेलने की मंजूरी दे दी है। बीसीसीआई के एक वरिष्ठ अधिकारी ने कहा, जसप्रीत बुमराह अपनी इम्पैक्ट इंजरी से पूरी तरह उबर चुके हैं। उन्होंने सेंटर ऑफ एक्सीलेंस द्वारा निर्धारित सभी फिटनेस टेस्ट पास कर लिए हैं। उम्मीद है कि वह दोनों टेस्ट मैचों के लिए उपलब्ध रहेंगे, क्योंकि वह टीम की योजनाओं का अहम हिस्सा हैं।



