उर्स-ए-रज़वी से पहले बड़ा बदलाव! बरेली में 3 दिन पूरी तरह बदलेगा ट्रैफिक

उर्स-ए-रज़वी 2026 के दौरान 6 से 8 अगस्त तक बरेली में ट्रैफिक डायवर्जन लागू रहेगा। भारी वाहनों पर रोक, रोडवेज बसों के नए रूट और जायरीनों के लिए विशेष पार्किंग व्यवस्था की पूरी जानकारी यहां पढ़ें।

4पीएम न्यूज नेटवर्क: बरेली में दरगाह आला हजरत पर आयोजित होने वाले उर्स-ए-रज़वी को लेकर प्रशासन ने व्यापक तैयारियां पूरी कर ली हैं। 6 अगस्त से 8 अगस्त 2026 तक लाखों जायरीनों के पहुंचने की संभावना को देखते हुए यातायात पुलिस ने तीन दिनों के लिए विशेष ट्रैफिक डायवर्जन और पार्किंग व्यवस्था लागू की है। डीआईजी की ओर से जारी एडवाइजरी में आम नागरिकों से वैकल्पिक मार्ग अपनाने की अपील की गई है, ताकि शहर में यातायात सुचारु बना रहे।

6 अगस्त की रात से लागू रहेगा ट्रैफिक डायवर्जन

यातायात पुलिस के अनुसार 6 अगस्त रात 8 बजे से उर्स कार्यक्रम समाप्त होने तक शहर में भारी वाहनों का प्रवेश प्रतिबंधित रहेगा। झुमका तिराहा, परसाखेड़ा, विलवा अंडरपास, इनवर्टिस तिराहा, ट्रांसपोर्ट नगर, रामगंगा तिराहा समेत कई प्रमुख मार्गों पर डायवर्जन लागू रहेगा। दिल्ली, रामपुर, नैनीताल, पीलीभीत, लखनऊ और बदायूं की ओर जाने वाले वाहनों के लिए वैकल्पिक रूट निर्धारित किए गए हैं।

रोडवेज बसों और छोटे वाहनों के लिए विशेष व्यवस्था

उर्स के दौरान सभी रोडवेज बसों का संचालन केवल सैटेलाइट बस स्टैंड से किया जाएगा। वहीं 7 और 8 अगस्त को सुबह 8 बजे से भीड़ बढ़ने की स्थिति में चार पहिया वाहन, ऑटो और ई-रिक्शा को कुतुबखाना, किला और पटेल चौक की ओर जाने वाले कई प्रमुख मार्गों पर प्रतिबंधित किया जाएगा। हालांकि जायरीनों के वाहनों को इस डायवर्जन से छूट रहेगी।

जायरीनों के लिए बनाई गई विशेष पार्किंग

प्रशासन ने अलग-अलग जिलों से आने वाले वाहनों के लिए विशेष पार्किंग स्थल भी तय किए हैं। शाहजहांपुर, पीलीभीत और बदायूं की बसों के लिए रेलवे यार्ड सुभाषनगर, जबकि दिल्ली और रामपुर की ओर से आने वाले वाहनों के लिए जेलर साहब का बाग और बीएल एग्रो परसाखेड़ा में पार्किंग की व्यवस्था की गई है। यातायात पुलिस ने लोगों से यात्रा से पहले रूट की जानकारी लेकर ही घर से निकलने की अपील की है।

रिपोर्ट- सुनील सक्सेना, बरेली

यह भी पढ़ें: कानपुर में गुंडागर्दी पड़ी भारी! सड़क पर कान पकड़कर माफी मांगते दिखे गैंग के आरोपी

Related Articles

Back to top button