भारी हंगामे के बीच यूपी सरकार का अनुपूरक बजट पेश
विस में जमकर हंगामा, चढ़ावा चोरी पर विपक्ष ने चर्चा कराने की मांग की, सपा बोली-योगी सरकार अपनी नाकामी छिपाने के लिए ला रही अनुपूरक बजट

4पीएम न्यूज़ नेटवर्क
लखनऊ। भारी हंगामें के बीच यूपी सरकार ने विधानसभा के मॉनसून सत्र में अनुपूरक बजट पेश कर दिया। यह 59 हजार करोड़ का अनुपूरक बजट है। बजट में ग्रामीण विकास और बुनियादी ढांचे,कृषि एवं संबंधित क्षेत्रों, लोगों का स्वास्थ्य सुधारने और ऊर्जा क्षेत्र में ध्यान केंद्रित किया गया है। उत्तर प्रदेश विधानसभा के मॉनसून सत्र के दूसरे दिन की शुरुआत होते ही सदन में जमकर हंगामा हुआ। जिसके बाद सदन को 12 बजकर 20 मिनट के लिए स्थगित कर दिया गया है।
सदन में राम मंदिर चढ़ावा चोरी के कथित मामले पर चर्चा की मांग को लेकर विपक्ष ने जोरदार हंगामा किया। इस दौरान स्पीकर सतीश महाना ने कहा जिसने चंदा दिया हो, वो रसीद लेकर आए विपक्ष ने इस मुद्दे पर सदन में चर्चा कराने की मांग दोहराई, जिसके चलते सदन का माहौल गर्म रहा। उधर समाजवादी पार्टी के सदस्यों ने मंगलवार को उत्तर प्रदेश विधानसभा परिसर में प्रदर्शन किया और भाजपा सरकार पर जमकर निशाना साधा। वरिष्ठ नेता शिवपाल सिंह यादव ने आरोप लगाया कि सरकार अपनी विफलता छिपाने के लिए अनुपूरक बजट ला रही है।

विधायक सचिन पर नाराज हुए विधानसभा अध्यक्ष
सपा के हंगामे पर विधानसभा अध्यक्ष नाराज हो गए। उन्होंने विधायक सचिन को तत्काल बाहर जाने के लिए कहा। विधायक सचिन मुख्यमंत्री की तस्वीर पर नारा लिखकर हंगामा कर रहे थे। इसी बात पर सतीश महाना नाराज हो गए। उन्होंने एथिक्स कमेटी को शिकायत भेजकर उनकी सदस्यता तक रद्द कराने के प्रस्ताव की अनुशंसा करने की धमकी दे दी। इसके बाद कल सुबह 11 बजे तक के लिए सदन को स्थगित कर दिया गया।
सदन में सीएम योगी बोले
सदन में सीएम योगी ने कहा कि जनता के मुद्दों पर चर्चा हो, इसके लिए सभी सदस्यों के पास मौका था। लेकिन, इनका न चर्चा पर विश्वास है, न सांविधानिक मूल्यों पर। इसीलिए ये लोग अव्यवस्था फैला रहे हैं।
यह चंदा चोर, चढ़ावा चोर और बजट चोर सरकार है : शिवपाल सिंह यादव
सपा के वरिष्ठ नेता एवं पूर्व मंत्री शिवपाल सिंह यादव ने संवाददाताओं से कहा कि सरकार अपनी विफलता छिपाने के लिए विधानसभा में अनुपूरक बजट पेश कर रही है, जबकि वह मूल बजट का 3० प्रतिशत हिस्सा भी अब तक खर्च नहीं कर सकी है। उन्होंने आरोप लगाया, ‘‘यह चंदा चोर, चढ़ावा चोर और बजट चोर सरकार है। यह सरकार अपनी नाकामी छिपाने के लिए बजट लाती है और पूरे बजट की चोरी कराती है।’’ यादव ने कहा कि जिस दल के शासन में भगवान राम के मंदिर के चढ़ावे को लेकर सवाल उठ रहे हों, उससे लोगों को कोई उम्मीद नहीं रह गई है। उन्होंने आरोप लगाया, राम मंदिर में कथित चढ़ावा चोरी के मामले में मुख्य आरोपियों के खिलाफ सरकार कार्रवाई नहीं कर रही और उन्हें बचा रही है। ऐसे में सरकार खुद भी चंदा चोर और चढ़ावा चोर है।’’ यादव ने दावा किया कि बिहार की बांकीपुर और मध्यप्रदेश की दतिया विधानसभा सीट के उपचुनाव में भाजपा की हार 2027 के उत्तर प्रदेश विधानसभा चुनाव में उसकी पराजय का संकेत है।
विधानसभा चुनाव में सपा भाजपा का सफाया कर देगी
उन्होंने कहा कि अगले विधानसभा चुनाव में सपा भाजपा का ‘‘सफाया’’ कर देगी। इससे पहले यादव ने ‘एक्स’ पर पोस्ट कर कहा, जिस सरकार से अपना मूल बजट ही 30 से 50 प्रतिशत तक खर्च नहीं हो पाया, वह अब अनुपूरक बजट के नाम पर अपनी नाकामी छिपाने निकली है। उन्होंने कहा, प्रभु राम के नाम पर राजनीति की सबसे ऊंची चोटी बनाने वाली भाजपा बताए कि जब रामलला के दरबार में चढ़ावे को लेकर उठे सवालों और कथित गड़बडिय़ों पर भी जवाबदेही तय नहीं हो पाई, तब प्रदेश के खजाने की जवाबदेही पर जनता कैसे भरोसा करे? सपा सदस्यों ने विधानमंडल के मानसून सत्र के पहले दिन सोमवार को भी विधानसभा परिसर में सरकार के खिलाफ प्रदर्शन किया था। उत्तर प्रदेश सरकार मंगलवार को विधानसभा में वित्तीय वर्ष 2026-27 का पहला अनुपूरक बजट प्रस्तुत करेगी।
राज्यसभा में भी राममंदिर चढ़ावे की चोरी पर मचा घमासान
विपक्ष व सत्तापक्ष में तकरार, कार्यवाही स्थगित
4पीएम न्यूज़ नेटवर्क
नई दिल्ली। रम मंदिर चढ़ावा चोरी और प्रदर्शनकारी छात्रों पर पुलिस की कार्रवाई के बारे में गृह मंत्री अमित शाह के बयान की मांग कर रहे विपक्षी सांसदों के हंगामे के कारण राज्यसभा की बैठक मंगलवार को दोपहर बारह बजे तक के लिए स्थगित कर दी गई। कांग्रेस के नेतृत्व में विपक्षी दलों ने राम मंदिर में श्रद्धालुओं द्वारा चढ़ाए गए नकदी और कीमती सामान की कथित चोरी का मुद्दा उठाया, जिसका सत्ता पक्ष के सदस्यों ने जोरदार विरोध किया।
दोनों पक्षों के बीच तीखी बहस और आरोप-प्रत्यारोप के बाद सभापति सी. पी. राधाकृष्णन ने सदन की कार्यवाही दोपहर 12 बजे तक स्थगित कर दी। उच्च सदन की बैठक शुरू होने पर सभापति राधाकृष्णन ने आवश्यक दस्तावेज सदन के पटल पर रखवाए और शून्यकाल शुरू करने का ऐलान किया। इसी दौरान विपक्षी सदस्य राम मंदिर चढ़ावा चोरी और प्रदर्शनकारी छात्रों पर पुलिस की कार्रवाई के बारे में गृह मंत्री अमित शाह के बयान की मांग करने लगे। कुछ सदस्यों ने नेता प्रतिपक्ष को बोलने देने की मांग की। सभापति ने कहा कि वह नेता प्रतिपक्ष को अपनी बात रखने की अनुमति देंगे लेकिन इससे पहले विपक्षी सदस्य शांत रहें। उन्होंने नेता प्रतिपक्ष मल्लिकार्जुन खरगे से अपनी बात रखने के लिए कहा। खरगे ने कहा कि इस ट्रस्ट का गठन सरकार ने किया था और इसे 7० एकड़ भूमि आवंटित की गई थी। वह अपनी बात पूरी कर पाते, उससे पहले सभापति ने संसदीय कार्य मंत्री किरेन रीजीजू को बोलने की अनुमति दे दी।
तीर्थ क्षेत्र ट्रस्ट के सदस्यों की जांच क्यों नहीं : खरगे
खरगे ने सरकार द्वारा राम मंदिर के निर्माण और प्रबंधन के लिए गठित ट्रस्ट के कुछ सदस्यों पर चढ़ावे की कथित चोरी का आरोप लगाते हुए सवाल किया कि प्रवर्तन निदेशालय (ईडी), केंद्रीय अन्वेषण ब्यूरो (सीबीआई) और अन्य जांच एजेंसियां श्रीराम जन्मभूमि तीर्थ क्षेत्र ट्रस्ट (एसआरजेबीटीके) के सदस्यों पर लगे कथित चोरी के आरोपों की जांच क्यों नहीं कर रही हैं?
कांग्रेस और सपा इस मुद्दे पर सदन के बाहर भी नाटक कर रही : रीजीजू
रीजीजू ने कहा कि विपक्ष जिस मुद्दे को बार-बार उठाने की कोशिश कर रहा है, उसे सदन में उठाने की अनुमति नहीं दी जानी चाहिए। उन्होंने आरोप लगाया कि कांग्रेस और समाजवादी पार्टी इस मुद्दे पर सदन के बाहर भी नाटक कर रही हैं।
पीएम आवास की ओर मार्च से पीछे नहीं हटूंगा: केजरीवाल
4पीएम न्यूज़ नेटवर्क
नई दिल्ली। ई2० ईंधन के खिलाफ प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को ज्ञापन सौंपने के लिए प्रस्तावित मार्च से पहले आम आदमी पार्टी के नेता और दिल्ली के पूर्व मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल ने बड़ा बयान दिया है। अरविंद ने पीएम आवास जाने से पहले कहा-ट्रंप के दबाव में देश के लोगों पर इथेनॉल थोप रहे हैं।
मुझे उम्मीद है कि वे नहीं रुकेंगे। दो लाख कॉपियां लेकर प्रधानमंत्री के पास जाएंगे। देखते हैं, कहां रोकते हैं,मुझे उम्मीद है कि वे नहीं रोकेंगे। इसी मामले पर आप की दिल्ली इकाई के अध्यक्ष सौरभ भारद्वाज ने कहा कि लाखों लोगों ने चि_ी लिखी थी, हम प्रधानमंत्री को देना चाहते हैं। केवल 1०० लोग प्रधानमंत्री से मिलने जाएंगे, उम्मीद है कि प्रधानमंत्री मिलेंगे। साधारण लोग प्रधानमंत्री से मिलने जा रहे हैं, इसके लिए सुरक्षा की जरूरत नहीं है। केजरीवाल ने उम्मीद जताई कि प्रधानमंत्री उनसे मुलाकात करेंगे और इस मुद्दे पर लोगों की चिंताओं को सुनेंगे. अरविंद केजरीवाल ने दावा किया कि ई-2० पेट्रोल के खिलाफ शुरू किए गए ऑनलाइन अभियान को कुछ ही दिनों में 2,33,238 लोगों का समर्थन मिला है।
उन्होंने कहा कि इतने लोगों ने प्रधानमंत्री के नाम याचिका पर हस्ताक्षर किए हैं, जो इस नीति को लेकर जनता की चिंता को दर्शाता है। उन्होंने बताया कि वह मंगलवार दोपहर 12 बजे आम आदमी पार्टी मुख्यालय से प्रधानमंत्री आवास के लिए रवाना होंगे। केजरीवाल ने आरोप लगाया कि उन्होंने लगभग एक महीने पहले प्रधानमंत्री से मिलने के लिए समय मांगा था, लेकिन अब तक उनकी ओर से कोई जवाब नहीं मिला.उन्होंने कहा कि अब वह स्वयं प्रधानमंत्री आवास जाकर लोगों की ओर से तैयार की गई याचिका और पत्र सौंपने का प्रयास करेंगे तथा इस विषय पर चर्चा करना चाहेंगे।
भाजपा से ऊब चुके हैं लोग : प्रियंका
उपचुनाव नतीजों पर बोलीं कांग्रेस सांसद
4पीएम न्यूज़ नेटवर्क
नयी दिल्ली। कांग्रेस महासचिव प्रियंका गांधी वाद्रा ने विधानसभा उपचुनावों के नतीजों को लेकर मंगलवार को दावा किया कि लोग अब भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) से ऊब चुके हैं और देश में क्या हो रहा है, इसे समझने लगे हैं। उन्होंने संसद परिसर में संवाददाताओं से कहा, ‘‘साफ है कि लोग भाजपा से थक चुके हैं, ऊब चुके हैं। लोग समझ रहे हैं कि देश में क्या हो रहा है। मेरी समझ है कि यह शुरुआत है।
यह पूछे जाने पर इन नतीजों का उत्तर प्रदेश विधानसभा चुनाव पर कोई असर होगा, तो प्रियंका गांधी ने कहा, आगे देखेंगे। बिहार के बांकीपुर विधानसभा सीट पर हुए उपचुनाव में जन सुराज पार्टी के नेता प्रशांत किशोर ने भाजपा को पराजित किया। इससे पहले इस सीट से भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन विधायक थे। कांग्रेस ने मध्य प्रदेश की दतिया विधानसभा सीट के उपचुनाव में भाजपा को पराजित किया।भाजपा गुजरात के वडोदरा जिले की मांजलपुर विधानसभा सीट पर हुए उपचुनाव में जीत दर्ज कर यह सीट अपने पास बरकरार रखी।
मोदी सरकार की आर्थिक और रोजगार नीतियों ने देश के जॉब मार्केट को गहरे संकट में धकेला : जयराम रमेश
कांग्रेस ने भाजपा सरकार पर नौकरियों को लेकर बड़ा हमला किया है। बड़ी निजी कंपनियों में नई भर्तियों में आई कमी के दावे वाली एक रिपोर्ट का हवाला देते हुए मंगलवार को आरोप लगाया कि मोदी सरकार की आर्थिक और रोजगार नीतियों ने देश के जॉब मार्केट को गहरे संकट में धकेल दिया है। पार्टी महासचिव जयराम रमेश ने कटाक्ष करते हुए यह भी कहा कि देश का युवा अब केवल प्रचार या रील से संतुष्ट नहीं होगा, बल्कि उसे रोजगार चाहिए। उन्होंने आरोप लगाया कि मोदी सरकार युवाओं के रोजगार संकट का समाधान खोजने के बजाय हेडलाइन मैनेजमेंट और ध्यान भटकाने की राजनीति में लगी हुई है।



