बेटे को कांवड़ यात्रा पर विदा करने पहुंचे पिता की मौत, सीतापुर में फूटा ग्रामीणों का गुस्सा

सीतापुर के इमलिया सुल्तानपुर क्षेत्र में सड़क हादसे में घायल श्रीराम वर्मा की इलाज के दौरान मौत हो गई। इसके बाद आक्रोशित ग्रामीणों ने टिकरा चौराहे पर जाम लगाकर आरोपी की गिरफ्तारी की मांग की।

4पीएम न्यूज नेटवर्क: सीतापुर के इमलिया सुल्तानपुर थाना क्षेत्र में सड़क हादसे में घायल एक व्यक्ति की इलाज के दौरान मौत के बाद ग्रामीणों का गुस्सा फूट पड़ा। कांवड़ यात्रा पर जा रहे बेटे को विदा करने पहुंचे श्रीराम वर्मा की लखनऊ ट्रॉमा सेंटर में उपचार के दौरान मौत हो गई। इसके बाद परिजनों और ग्रामीणों ने टिकरा चौराहे पर सड़क जाम कर आरोपी बाइक चालक की गिरफ्तारी की मांग की।

बेटे को कांवड़ यात्रा के लिए छोड़ने पहुंचे थे पिता

जानकारी के अनुसार, पहाड़पुर गांव निवासी 48 वर्षीय श्रीराम वर्मा बुधवार शाम अपने पुत्र अंकित वर्मा को कांवड़ यात्रा के लिए रवाना करने टिकरा चौराहे पहुंचे थे। इसी दौरान काजीकमालपुर की ओर से आ रही तेज रफ्तार बाइक ने उन्हें जोरदार टक्कर मार दी। गंभीर रूप से घायल श्रीराम को पहले जिला अस्पताल और फिर हालत बिगड़ने पर लखनऊ ट्रॉमा सेंटर रेफर किया गया, जहां गुरुवार को इलाज के दौरान उनकी मौत हो गई।

मौत के बाद टिकरा चौराहे पर लगा जाम

मृत्यु की सूचना मिलते ही परिजन और ग्रामीण बड़ी संख्या में टिकरा चौराहे पर एकत्र हो गए। प्रदर्शनकारियों ने ट्रैक्टर-ट्रॉली लगाकर हरगांव-महोली मार्ग को जाम कर दिया और आरोपी चालक की तत्काल गिरफ्तारी की मांग की। सड़क जाम के कारण दोनों ओर वाहनों की लंबी कतारें लग गईं।

पुलिस ने समझाने का किया प्रयास

घटना की सूचना पर क्षेत्राधिकारी महोली नागेंद्र चौबे और थाना प्रभारी आशीष तिवारी पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। अधिकारियों ने ग्रामीणों को समझाकर यातायात बहाल कराने का प्रयास किया। पुलिस का कहना है कि मामले की जांच की जा रही है और उपलब्ध साक्ष्यों के आधार पर आगे की विधिक कार्रवाई की जाएगी।

रिपोर्ट – वली चौधरी, सीतापुर

यह भी पढ़ें: कानपुर के रेस्टोरेंट में खूनी खेल! युवक पर कुर्सियों और लोहे की रॉड से हमला, CCTV आया सामने

Related Articles

Back to top button