कपिल और डेल स्टेन का रिकार्ड तोड़ने से 7 विकेट दूर हैं स्टार्क

- कपिल देव और डेल स्टेन जैसे खिलाड़ियों के साथ नाम जुड़ना सम्मान की बात है: मिचेल स्टार्क
4पीएम न्यूज़ नेटवर्क
नई दिल्ली। ऑस्ट्रेलिया के तेज गेंदबाज मिचेल स्टार्क के पास बांग्लादेश के खिलाफ 13 अगस्त से शुरू होने वाली दो मैचों की टेस्ट सीरीज में बड़ा कीर्तिमान अपने नाम करने का मौका होगा। स्टार्क अगर इस सीरीज में सात विकेट लेने में सफल रहते हैं तो वह टेस्ट क्रिकेट में भारत के महान ऑलराउंडर कपिल देव और दक्षिण अफ्रीका के दिग्गज तेज गेंदबाज डेल स्टेन को विकेटों के मामले में पीछे छोड़ देंगे। स्टार्क ने अब तक टेस्ट क्रिकेट में 433 विकेट लिए हैं।
वहीं, कपिल देव के नाम 434 और डेल स्टेन के खाते में 439 टेस्ट विकेट दर्ज हैं। ऐसे में सात विकेट हासिल करते ही स्टार्क दोनों दिग्गजों से आगे निकल जाएंगे। हालांकि, स्टार्क का कहना है कि उनके लिए व्यक्तिगत उपलब्धियों से ज्यादा टीम की सफलता मायने रखती है। उन्होंने कहा कि ऑस्ट्रेलिया का मुख्य लक्ष्य अगले साल ओवल में होने वाले डब्ल्यूटीसी फाइनल के लिए अधिक से अधिक अंक जुटाना है। स्टार्क ने आईसीसी से कहा, इसका मतलब है कि मैंने काफी क्रिकेट खेला है। कपिल देव और डेल स्टेन जैसे महान खिलाडिय़ों के साथ मेरा नाम जुडऩा सम्मान और विनम्रता की बात है। लेकिन जब आप मैदान पर खेल रहे होते हैं, तब व्यक्तिगत रिकॉर्ड ज्यादा मायने नहीं रखते। आप इतना आगे की नहीं सोचते। 36 वर्षीय स्टार्क ने अपनी लंबी और सफल क्रिकेट यात्रा का श्रेय लगातार खुद में सुधार, फिटनेस पर काम और खेल के अनुरूप रणनीतियों में बदलाव को दिया। उन्होंने कहा, जब आप 36 साल के होते हैं और 16 साल से अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट खेल रहे होते हैं, तो आप महसूस करते हैं कि आपने अपने खेल में काफी सुधार किया है। लंबे समय तक टिके रहने के लिए लगातार सीखना, खुद को विकसित करना और बेहतर बनते रहना जरूरी है।
बीसीसीआई ने नेट गेंदबाज के तौर पर जोड़े टीम से 4 खिलाड़ी
कोलंबो। श्रीलंका के खिलाफ 15 अगस्त से शुरू हो रही दो मैचों की टेस्ट सीरीज में भारतीय बल्लेबाजों की मदद के लिए हर्ष दुबे, तनुष कोटियन, विपराज निगम और कलाई के स्पिनर शिवांग कुमार को बतौर नेट गेंदबाज टीम से जोड़ा गया है। श्रीलंका के खिलाफ टेस्ट सीरीज के लिए भारतीय टीम मंगलवार को श्रीलंका पहुंच गई थी। बीसीसीआई ने बुधवार को एक आधिकारिक अपडेट में कहा, हर्ष दुबे, शिवांग कुमार, तनुष कोटियन और विपराज निगम श्रीलंका के खिलाफ पहले टेस्ट की तैयारी में टीम की मदद करने के लिए नेट गेंदबाज के तौर पर भारतीय टीम में शामिल हुए हैं। इन चारों खिलाडिय़ों के मुख्य टीम या प्लेइंग इलेवन में शामिल होने की संभावना कम ही है, लेकिन यह अनुभव उनके लिए सीखने और आगे बढऩे का एक बड़ा मौका है।



