चार्ज संभालते ही एक्शन मोड में नए कमिश्नर शंभू कुमार, बोले- काम में ढिलाई बिल्कुल नहीं चलेगी

बरेली मंडल के नए कमिश्नर शंभू कुमार ने चार्ज संभालते ही जीरो टॉलरेंस नीति पर जोर दिया। उन्होंने अधिकारियों को लापरवाही से बचने, योजनाओं की मॉनिटरिंग और शिकायतों के त्वरित निस्तारण के निर्देश दिए।

4पीएम न्यूज़ नेटवर्क: बरेली मंडल को बुधवार देर रात नया मंडलायुक्त मिल गया। 2010 बैच के वरिष्ठ आईएएस अधिकारी शंभू कुमार ने मंडलायुक्त का पदभार संभालते ही प्रशासनिक अधिकारियों को साफ संदेश दे दिया कि कामकाज में लापरवाही की कोई जगह नहीं होगी। उन्होंने शासन की जीरो टॉलरेंस नीति को प्रभावी ढंग से लागू करने और जनता से जुड़े मामलों में तेजी लाने पर जोर दिया।

चार जिलों में प्रशासनिक कामकाज पर रहेगी नजर

पदभार ग्रहण करने के बाद शंभू कुमार ने कहा कि विकास कार्यों, कानून-व्यवस्था और सरकारी योजनाओं की लगातार मॉनिटरिंग उनकी प्राथमिकताओं में रहेगी। उन्होंने अधिकारियों को तय समयसीमा में लक्ष्य पूरा करने और अपनी जिम्मेदारी के प्रति जवाबदेह रहने के निर्देश दिए। जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ पात्र लोगों तक पहुंचाना भी उनकी प्राथमिकता में शामिल है।

पारदर्शिता और शिकायतों के निस्तारण पर फोकस

नवागत मंडलायुक्त ने कहा कि सरकारी योजनाओं के क्रियान्वयन में पारदर्शिता सुनिश्चित की जाएगी। जनता की शिकायतों का समयबद्ध और प्रभावी निस्तारण कराया जाएगा। विकास परियोजनाओं की नियमित समीक्षा के साथ उन कार्यों पर विशेष नजर रखी जाएगी, जिनका सीधा असर आम लोगों पर पड़ता है।

पूर्वांचल विद्युत वितरण निगम में संभाल चुके हैं जिम्मेदारी

2010 बैच के आईएएस शंभू कुमार इससे पहले पूर्वांचल विद्युत वितरण निगम लिमिटेड में प्रबंध निदेशक के पद पर तैनात थे। अपने प्रशासनिक करियर में वह प्रदेश के कई जिलों में जिलाधिकारी समेत विभिन्न महत्वपूर्ण पदों पर जिम्मेदारी निभा चुके हैं। परिणाम आधारित कार्यशैली के लिए पहचाने जाने वाले शंभू कुमार के कार्यभार संभालने के बाद बरेली मंडल के प्रशासनिक अमले में सक्रियता बढ़ने की उम्मीद है। अब निगाहें इस बात पर रहेंगी कि उनकी सख्त कार्यशैली का असर विकास कार्यों और जनशिकायतों के निस्तारण पर कितनी जल्दी दिखाई देता है।

रिपोर्ट – सुनील सक्सेना, बरेली

यह भी पढ़ें: हाईटेंशन टावर पर फंदे से लटका मिला किसान का शव, 7 घंटे बाद उतारा गया; घरेलू कलह की आशंका

Related Articles

Back to top button