हाईटेंशन टावर पर फंदे से लटका मिला किसान का शव, 7 घंटे बाद उतारा गया; घरेलू कलह की आशंका
बदायूं के बिसौली में हाईटेंशन टावर पर किसान का शव फंदे से लटका मिला। करीब सात घंटे बाद बिजली शटडाउन लेकर शव उतारा गया। पुलिस घरेलू विवाद समेत सभी पहलुओं की जांच कर रही है।

4पीएम न्यूज़ नेटवर्क: बिसौली क्षेत्र में गुरुवार को उस समय हड़कंप मच गया, जब जंगल में 4 लाख वोल्ट की हाईटेंशन लाइन के टावर पर एक किसान का शव लटका मिला। सूचना के बाद पुलिस मौके पर पहुंची, लेकिन हाईटेंशन लाइन का शटडाउन मिलने में कई घंटे लग गए। देर रात ट्रांसमिशन विभाग की टीम ने बिजली आपूर्ति बंद कर शव को नीचे उतारा। पुलिस प्रारंभिक जांच में घरेलू विवाद को संभावित वजह मानकर मामले की पड़ताल कर रही है।
टावर पर शव देखकर मचा हड़कंप
मामला बिसौली कोतवाली क्षेत्र में फिरोजपुर और हुसैनपुर गांव के बीच जंगल का है। स्थानीय निवासी अखिलेश ने हाईटेंशन टावर पर शव लटका देखा और पुलिस को सूचना दी। मौके पर पहुंची पुलिस और विद्युत विभाग की टीम ने शव उतारने की कोशिश की, लेकिन लाइन ट्रांसमिशन विभाग के अधीन होने के कारण तत्काल शटडाउन नहीं मिल सका।
सात घंटे बाद उतारा गया शव
काफी इंतजार के बाद रात करीब 10 बजे ट्रांसमिशन विभाग की टीम मौके पर पहुंची और लाइन का शटडाउन लिया गया। इसके बाद शव को सुरक्षित तरीके से नीचे उतारा गया। मृतक की पहचान रानेट गांव निवासी 40 वर्षीय रूपराम उर्फ नन्ने पुत्र पान सिंह के रूप में हुई। पुलिस ने शव पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।
जमीन बेचने के बाद चल रहा था विवाद
परिजनों के अनुसार, करीब एक महीने पहले रूपराम ने अपनी लगभग साढ़े तीन बीघा जमीन बेच दी थी। इसके बाद परिवार में विवाद चल रहा था। मृतक की पत्नी संतोष, दो बेटे विवेक और अनमोल तथा बेटी संजना हैं। पत्नी और बच्चे फिलहाल चंडीगढ़ में मजदूरी करते हैं। पुलिस घरेलू कलह को आत्महत्या की संभावित वजह मान रही है, हालांकि अभी कोई तहरीर नहीं दी गई है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट और जांच के बाद ही मौत की वास्तविक वजह स्पष्ट होगी।
रिपोर्ट – संतुलित पाठक (बदायूं)
यह भी पढ़ें: पंखों से सड़क… तो भरोसा किससे सुखाएंगे ?



