कांवड़ यात्रा से पहले बिसौली में बड़ा अभियान, अतिक्रमण पर गरजा प्रशासन का बुलडोजर

बदायूं के बिसौली में प्रशासन ने अतिक्रमण हटाओ अभियान चलाया। मुख्य मार्गों से अवैध कब्जे हटाए गए। कांवड़ यात्रा को देखते हुए यातायात सुचारु रखने के लिए कार्रवाई की गई।

4पीएम न्यूज नेटवर्क: शुक्रवार दोपहर बिसौली के बाजार में अचानक प्रशासनिक अमला और पुलिस बल पहुंचा तो दुकानदारों के बीच हलचल बढ़ गई। सड़क किनारे फैले अस्थायी अतिक्रमण पर प्रशासन का बुलडोजर चला तो कई ठेला संचालक सामान समेटकर हटते दिखाई दिए। दुकानदारों ने भी दुकानों के बाहर रखे सामान और अस्थायी ढांचे हटाने शुरू कर दिए।

तहसील, नगर पालिका और पुलिस की संयुक्त कार्रवाई

बिसौली में अतिक्रमण हटाने के लिए तहसील प्रशासन, नगर पालिका और पुलिस की संयुक्त टीम ने अभियान चलाया। मुख्य मार्गों पर सड़क किनारे किए गए अस्थायी और अवैध अतिक्रमण को हटाया गया। कार्रवाई के दौरान मौके पर भारी पुलिस बल तैनात रहा, ताकि किसी तरह की अप्रिय स्थिति न बने।

प्रशासन की कार्रवाई शुरू होते ही बाजार में कुछ देर के लिए अफरा-तफरी का माहौल रहा। कई ठेला संचालक अपना सामान लेकर दूसरी जगह जाते नजर आए, जबकि दुकानदारों ने भी सड़क तक फैला सामान खुद हटाया।

दुकानदारों को चेतावनी, दोबारा अतिक्रमण पर कार्रवाई

अभियान के दौरान प्रशासन ने दुकानदारों को सड़क और सार्वजनिक रास्तों पर सामान रखकर अतिक्रमण नहीं करने की हिदायत दी। अधिकारियों ने स्पष्ट किया कि दोबारा अतिक्रमण मिलने पर नियमानुसार सख्त कार्रवाई की जाएगी।

प्रशासन का फोकस मुख्य मार्गों को आवागमन के लिए खुला रखने पर रहा, जिससे बाजार क्षेत्र में यातायात व्यवस्था बेहतर बनी रहे।

कांवड़ यात्रा को लेकर पहले से तैयारी

प्रशासन के अनुसार, श्रावण माह में कांवड़ यात्रा के दौरान बड़ी संख्या में श्रद्धालु बिसौली से होकर गुजरते हैं। इसी को देखते हुए मुख्य मार्गों से अतिक्रमण हटाया जा रहा है। प्रशासन का कहना है कि इससे कांवड़ यात्रियों के आवागमन और यातायात व्यवस्था को सुचारु बनाए रखने में मदद मिलेगी।

फिलहाल अभियान के बाद प्रशासन ने दोबारा अतिक्रमण न करने की चेतावनी दी है।

रिपोर्ट- संतुलित पाठक (बदायूं)

Related Articles

Back to top button