पहले युवक को कुचला, फिर बाइक और दुकान को बनाया निशाना, बांदा में बेकाबू ट्रैक्टर का कहर
बांदा के कमासिन में तेज रफ्तार ट्रैक्टर ने युवक को टक्कर मारने के बाद बाइक कुचल दी और ज्वेलर्स की दुकान में घुस गया। हादसे में दो युवक घायल हुए, पुलिस ने चालक समेत दो को हिरासत में लिया।

4पीएम न्यूज नेटवर्क: बाजार में शुक्रवार को आम दिनों की तरह चहल-पहल थी। सब्जी मंडी रोड पर लोग खरीदारी में व्यस्त थे, तभी तेज रफ्तार ट्रैक्टर अचानक बेकाबू हो गया। देखते ही देखते ट्रैक्टर ने एक युवक को टक्कर मार दी, सड़क किनारे खड़ी बाइक को कुचल दिया और फिर ज्वेलर्स की दुकान में जा घुसा। हादसे के बाद बाजार में अफरा-तफरी मच गई। घटना में दो युवक घायल हुए हैं।
पहले युवक को मारी टक्कर, फिर बाइक को कुचला
कमासिन कस्बे की सब्जी मंडी रोड पर शुक्रवार को बाजार लगा था और सड़क पर काफी भीड़ थी। इसी दौरान सब्जी मंडी की ओर से तेज रफ्तार में आ रहा ट्रैक्टर अनियंत्रित हो गया। उसने ओझा नगर निवासी विपिन कुमार को टक्कर मार दी और आगे बढ़ते हुए सड़क किनारे खड़ी बाइक को कुचल दिया।
इसके बाद ट्रैक्टर सीधे एक ज्वेलर्स की दुकान में जा घुसा। टक्कर से दुकान का काउंटर क्षतिग्रस्त हो गया। दुकान के पास मौजूद शुभम तिवारी भी हादसे की चपेट में आकर घायल हो गए।
चालक और सहयोगी हिरासत में
प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक ट्रैक्टर काफी तेज गति में था। हादसे के बाद मौके पर कुछ देर तक हंगामे की स्थिति बनी रही। सूचना मिलने पर थाना कमासिन पुलिस मौके पर पहुंची और ट्रैक्टर को कब्जे में ले लिया।
पुलिस ने चालक नागेंद्र पुत्र रामस्वरूप और उसके सहयोगी रवि कुमार पुत्र ननकाई, निवासी कठार, थाना कमासिन को हिरासत में लिया है। पुलिस दोनों से पूछताछ कर घटना की परिस्थितियों की जांच कर रही है।
घायल युवक जिला अस्पताल रेफर
घायल विपिन कुमार और शुभम तिवारी को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र कमासिन ले जाया गया। चिकित्सकों के अनुसार विपिन के पैर में फ्रैक्चर हुआ है। प्राथमिक उपचार के बाद उसे जिला अस्पताल रेफर कर दिया गया। शुभम का भी उपचार कराया गया।
भीड़भाड़ वाले बाजार में हुए इस हादसे में बड़ी जनहानि नहीं हुई, यह राहत की बात रही। पुलिस मामले में आगे की कार्रवाई कर रही है।
रिपोर्ट – इक़बाल खान, बांदा
यह भी पढ़ें: रात 8:52 बजे चटोरी गली में मचा हड़कंप, दुकान में लगी आग से मची अफरातफरी



