बरेली में देर रात मुठभेड़! नाबालिग से दुष्कर्म का आरोपी पैर में गोली लगने से गिरफ्तार
बरेली के नवाबगंज में नाबालिग से दुष्कर्म के मामले में वांछित आरोपी पुलिस मुठभेड़ में पैर में गोली लगने से घायल हुआ। पुलिस ने तमंचे और कारतूसों के साथ उसे गिरफ्तार किया।

4पीएम न्यूज नेटवर्क: बरेली के नवाबगंज में नाबालिग से दुष्कर्म के मामले में वांछित आरोपी की पुलिस से मुठभेड़ हो गई। पुलिस के अनुसार, घेराबंदी के दौरान आरोपी ने टीम पर फायरिंग की, जिसके बाद जवाबी कार्रवाई में उसके पैर में गोली लगी। घायल आरोपी को गिरफ्तार कर जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है। पुलिस के मुताबिक, 10 अगस्त 2026 को पंडरी गांव निवासी विमलेश कुमार के खिलाफ नवाबगंज थाने में FIR दर्ज की गई थी। मामले में BNS की धारा 70(2) और POCSO Act की संबंधित धाराओं के तहत मुकदमा दर्ज होने के बाद से पुलिस उसकी तलाश कर रही थी।
ग्रेम डैम के पास हुई मुठभेड़
पुलिस को 12 अगस्त की रात करीब 10:47 बजे सूचना मिली कि वांछित आरोपी ग्रेम डैम के पास मौजूद है। सूचना के आधार पर पुलिस टीम ने मौके पर पहुंचकर घेराबंदी की। पुलिस का दावा है कि खुद को घिरता देख आरोपी ने पुलिस टीम पर गोली चला दी। इसके बाद पुलिस ने आत्मरक्षा में जवाबी फायरिंग की। इस दौरान गोली आरोपी के पैर में लगी और वह घायल होकर गिर पड़ा। पुलिस ने उसे मौके से गिरफ्तार कर लिया।
तमंचा और कारतूस बरामद
पुलिस के अनुसार, आरोपी के पास से 315 बोर का एक अवैध तमंचा, दो जिंदा कारतूस और एक खोखा कारतूस बरामद किया गया। इसके अलावा 450 रुपये नकद भी मिले हैं। घायल आरोपी को उपचार के लिए जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया। पुलिस का कहना है कि आरोपी POCSO Act के मुकदमे में वांछित था और उसके खिलाफ आगे की विधिक कार्रवाई की जा रही है। मुठभेड़ से जुड़े पुलिस के दावे की पुष्टि जांच और उपलब्ध साक्ष्यों के आधार पर होगी। मामले में पुलिस कार्रवाई जारी है।
रिपोर्ट – सुनील सक्सेना, बरेली
यह भी पढ़ें: गाय की मौत, डॉक्टर से मारपीट और वायरल VIDEO… बदायूं में क्यों गरमाया मामला?



