पिता खेल चुके नेशनल, अब बेटे ने भी रचा इतिहास; मिर्जापुर के मृत्युंजय की शानदार जीत
मिर्जापुर के लालगंज क्षेत्र के मृत्युंजय यादव ने कर्नाटक में आयोजित राष्ट्रीय अंडर-15 एथलेटिक्स चैंपियनशिप की हाई जंप स्पर्धा में गोल्ड मेडल जीतकर जिले का नाम रोशन किया।

4पीएम न्यूज नेटवर्क: मेहनत जब मैदान में रंग दिखाती है तो उसकी गूंज सिर्फ खिलाड़ी तक सीमित नहीं रहती, बल्कि परिवार, स्कूल और पूरे जिले का नाम रोशन करती है। मिर्जापुर के लालगंज क्षेत्र के विरतिया गांव निवासी छात्र मृत्युंजय यादव ने ऐसा ही कर दिखाया है। कर्नाटक में आयोजित राष्ट्रीय स्तर की अंडर-15 एथलेटिक्स चैंपियनशिप में मृत्युंजय ने हाई जंप स्पर्धा में स्वर्ण पदक जीतकर जिले का मान बढ़ाया।
राष्ट्रीय मंच पर दिखाया शानदार खेल
सेंट मैरीज स्कूल के छात्र मृत्युंजय यादव ने देश के अलग-अलग राज्यों से आए खिलाड़ियों के बीच हाई जंप के फाइनल मुकाबले में हिस्सा लिया। प्रतियोगिता में कड़े मुकाबले के बीच उन्होंने अपनी तकनीक और आत्मविश्वास का शानदार प्रदर्शन किया। सफल छलांगों के दम पर मृत्युंजय ने स्वर्ण पदक अपने नाम किया।
उनकी इस उपलब्धि की खबर मिलते ही विद्यालय और उनके गांव में खुशी की लहर दौड़ गई। साथी विद्यार्थियों, शिक्षकों और क्षेत्र के लोगों ने उनकी सफलता पर खुशी जताई।
पिता BSF में, बेटे ने खेल के मैदान में बढ़ाया मान
मृत्युंजय यादव लालगंज तहसील क्षेत्र के विरतिया गांव के रहने वाले हैं। उनके पिता मुलचंद यादव सीमा सुरक्षा बल (BSF) में तैनात हैं और देश की सेवा कर रहे हैं। खास बात यह भी है कि मुलचंद यादव खुद राष्ट्रीय स्तर तक खेल चुके हैं।
ऐसे में बेटे की राष्ट्रीय स्तर की उपलब्धि ने परिवार की खेल पृष्ठभूमि को भी नई पहचान दी है। मृत्युंजय की सफलता से लालगंज क्षेत्र समेत पूरे मिर्जापुर में उत्साह का माहौल है।
स्कूल से गांव तक जश्न का माहौल
मृत्युंजय की जीत को स्थानीय स्तर पर युवा खिलाड़ियों के लिए प्रेरणादायक उपलब्धि के तौर पर देखा जा रहा है। राष्ट्रीय मंच पर स्वर्ण पदक जीतने वाले इस छात्र से अब खेल प्रेमियों को भविष्य में भी बेहतर प्रदर्शन की उम्मीद है।
रिपोर्ट – संतोष देव गिरी, मिर्ज़ापुर
यह भी पढ़ें: IGRS पर शिकायत ‘निस्तारित’, फिर भी फरियादी नाराज; बरेली में 7 अफसरों की सैलरी रुकी



